मां अस्पताल में भर्ती… बेटा रूस के जंगलों में फंसा, जालंधर का आकाश रोते हुए बोला- ‘यहां कोई मत आना’
मां अस्पताल में भर्ती… बेटा रूस के जंगलों में फंसा, जालंधर का आकाश रोते हुए बोला- ‘यहां कोई मत आना’
जालंधर के आकाश ने पंजाब से रूस तक पहुंचने का अपना अनुभव वीडियो के जरिए साझा किया
अब समझ नहीं आ रहा है कि कहां जाएं? एजेंट ने जो वादे किए थे वे हकीकत में बहुत बुरे निकले
जालंधर के कथित एजेंट ने मॉस्को भेजा, कहा था यहां फल तोड़ने का काम है और अच्छे पैसे मिलेंगे
करीब 10 लड़कों को जंगल में छोड़ा, मैं अकेला पंजाबी, बाकी लड़के राजस्थान और हरियाणा के
पंजाब डेस्क
कोई भी एजेंट के चक्कर में फंसकर रूस मत आना, हमें यहां जंगल में छोड़ दिया गया है। अब समझ नहीं आ रहा है कि कहां जाएं? एजेंट ने जो वादे किए थे वे हकीकत में बहुत बुरे निकले। ये कहना है जालंधर के रामनगर के रहने वाले आकाशदीप ने पंजाब से रूस तक पहुंचने का अपना अनुभव वीडियो के जरिए साझा किया है। आकाशदीप ने वीडियो में बताया कि जालंधर के एजेंट पवन कुमार ने उसे दिल्ली से मॉस्को भेजा है। उसने कहा था कि मॉस्को में फल तोड़ने का काम है और अच्छे पैसे मिलेंगे। इसके साथ ही एसी रूम मिलेगा और बढ़िया खाना मिलेगा। उसकी इसी बातों में आकर मैं फंस गया।
एजेंट का बंदा जंगल में छोड़ गया
आकाशदीप ने बताया कि उसे मॉस्को एयरपोर्ट से एजेंट का बंदा लेकर गया। इसके बाद उसे और उसके साथ 10 के करीब लड़कों को जंगल में छोड़ दिया। इन लड़कों में वह अकेला ही पंजाबी है। उसके साथ बाकी लड़के राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं। हमें बीच रास्ते में किसी कबाड़ वाली जगह टूटे से छोटे से कमरे में ठहरा दिया गया है। आगे क्या होगा और कहां लेकर जाएंगे, जानकारी नहीं दी जा रही है। यहां ऊपर-नीचे लगे बिस्तरों पर सोकर रातें काटने को मजबूर हैं।
ऐसे हालात देखकर रोना आ रहा है
आकाशदीप ने आगे कहा कि मुझे इन हालातों पर रोना आ रहा है। मैं वीडियो इसलिए बना रहा हूं ताकि अपने परिवार वालों को बता सकूं कि मैं पहुंच चुका हूं। मैं आपको अपने रहने की जगह और टॉयलेट भी दिखा देता हूं, ताकि पंजाब में रहने वाले दूसरे युवकों भी पता चल सके कि रूस की जिंदगी कैसी है। ये देखिए मेरा रूम। इसमें गंदे बिस्तर लगे हैं। टॉयलेट का हाल ऐसा है कि दरवाजा टूटा है और इसे खोलकर तो बिल्कुल भी दिखा नहीं सकता।
पैसे नहीं, जंगल में फंसकर रह गए
आकाशदीप ने कहा कि जंगल से बाहर कैसे निकलें, कुछ भी समझ नहीं आ रहा है। एजेंट के आदमी से पूछा तो उसने कहा कि उसे पैसा नहीं मिला है, इसलिए जब तक पैसा नहीं आता उन्हें आगे लेकर नहीं जाएगा। यहां जाकर फिर पूछा तो कहने लगा कि मेरी जिम्मेदारी तुम्हें भेजने की थी। मैंने तुम्हें रूस की जमीन पर उतार दिया। अब मेरी जिम्मेदारी खत्म हो गई है। अब तुम जानो और तुम्हारा काम। तुम्हारे साथ यहां कुछ भी होता है तो मैं जिम्मेदार नहीं होऊंगा।
मां अस्पताल में भर्ती और मैं यहां हूं
आकाशदीप बोला- मैं यहां फंस गया हूं और मेरी मां जालंधर के अस्पताल में भर्ती है। यह एजेंट सभी को ठगता है, कोई भी इसके झांसे में न आएं। मेरी युवाओं से अपील है कि कोई भी रूस न आए। यहां हरियाणा के भी काफी लड़के हैं। सभी एजेंट मिले हुए हैं और युवकों को यहां भेजकर रूस की सेना में भर्ती करवा रहे हैं। हरियाणा राजस्थान के कई युवकों को जंग में धकेल दिया गया है।