जालंधर में बेखौफ बदमाश : पॉश इलाके में महिला से स्नैचिंग करके फरार,बाली झपटने से कान फटा
जालंधर में बेखौफ बदमाश : पॉश इलाके में महिला से स्नैचिंग करके फरार,बाली झपटने से कान फटा
इस सनसनीखेज वारदात के बाद उन्हें अस्पताल में दो टांके लगवाने पड़े
पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है
सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी
एक झटके से महिला को चक्कर आ गया, दोनों बदमाश आसानी से फरार
जालंधर
जालंधर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट में बदमाशों के हौंसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां बाइक सवार दो बेखौफ लुटेरों ने एक 56 वर्षीय महिला के कान की बाली झपट ली और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के दौरान महिला का कान बुरी तरह जख्मी हो गया, जिससे खून बहने लगा और उन्हें अस्पताल में दो टांके लगवाने पड़े। राहत की बात यह है कि पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है, जिसमें दोनों लुटेरों के चेहरे स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीछे से आए बदमाश और झपट ले गये बाली
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ा इलाके की रहने वाली सीता देवी सुबह के समय अपने घर के पास ही रहने वाले एक परिचित के यहां जा रही थीं। जैसे ही वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचीं, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए। इससे पहले कि सीता देवी कुछ समझ पातीं या बचाव के लिए शोर मचातीं, बाइक के पीछे बैठे लुटेरे ने उनके कान की बाली पर जोरदार हमला कर दिया और उसे खींच लिया। इस अचानक हुए झटके से महिला को चक्कर आ गया, जबकि दोनों बदमाश अपनी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर आसानी से फरार हो गए।
कान पर लगे दो टांके, CCTV में कैद हुए चेहरे
बाली इतनी ताकत और जोर से खींची गई थी कि सीता देवी के कान का हिस्सा फट गया और खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ईलाज के बाद उनके कान पर दो टांके लगाए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना-7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।