भाजपा पंजाब कार्यकारिणी घोषित: जालंधर के तीन नेताओ

भाजपा पंजाब कार्यकारिणी घोषित: जालंधर के तीन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा पंजाब कार्यकारिणी घोषित: जालंधर के तीन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

सुशील कुमार रिंकू बने प्रदेश उपाध्यक्ष, शीतल अंगुराल को SC मोर्चा की कमान, राजेश बाघा नियुक्त हुए प्रदेश महासचिव  

जालंधर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी की नई टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई में घोषित की गई इस नई कार्यकारिणी में जालंधर के नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी ने संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई वरिष्ठ एवं सक्रिय नेताओं को अहम पदों पर नियुक्त किया है।

जालंधर से पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू को प्रदेश उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल को भाजपा अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा, पंजाब का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश बाघा को प्रदेश महासचिव (जनरल सेक्रेटरी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई कार्यकारिणी में जालंधर के तीन प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी ने आगामी चुनावों और संगठन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है।

प्रदेश SC मोर्चा का अध्यक्ष बनाए जाने पर शीतल अंगुराल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के उत्थान, सामाजिक सशक्तिकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

शीतल अंगुराल ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। वह प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने और दलित समाज की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का कार्य करेंगे।

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन पंजाब में और अधिक मजबूत होगा।