मशहूर एक्ट्रैस संचिता उगले का निधन
संचिता उगले अपने माता-पिता और बहन के साथ मुंबई के नालासोपारा इलाके में रहती थीं
साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या, घटनास्थल से अब तक सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ
निधन से कुछ घंटे पहले उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो रील पोस्ट की गई थी
फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई का किरदार निभाया, मनोरंजन जगत और प्रशंसक भी शोकाकुल
नई दिल्ली
टीवी अभिनेत्री संचिता उगले का सोमवार सुबह निधन हो गया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय संचिता उगले अपने माता-पिता और बहन के साथ मुंबई के नालासोपारा इलाके में रहती थीं। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। हालांकि घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
निधन से कुछ घंटे पहले शेयर की थी रील
संचिता उगले के निधन से कुछ घंटे पहले ही उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो रील पोस्ट की गई थी। वीडियो में वह लोकप्रिय गीत ‘डफली वाले, डफली बजा’ पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं, तू नचा।” उनके निधन के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
कई टीवी शोज में निभाए अहम किरदार
संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ सहित कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय किया था। हाल ही में वह दंगल टीवी के शो ‘साजन घर में’ में दिखाई दी थीं। इसके अलावा वह ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ में अभिनेता सौरभ बेदी के साथ मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
फिल्म ‘छावा’ में भी किया था अभिनय
टीवी के साथ-साथ संचिता ने फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई का किरदार निभाया था। इस फिल्म में अभिनेता विक्की कौशल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। उनके अचानक निधन की खबर से मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।