मां वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! लुधियाना-जालंधर से कटरा तक शुरू होगी AC वॉल्वो बस सेवा
मां वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! लुधियाना-जालंधर से कटरा तक शुरू होगी AC वॉल्वो बस सेवा
माता के दर्शन करने के लिए भक्तों को पंजाब रोडवेज की बड़ी सौगात
अब यह बस सेवा सोमवार से नियमित रूप से रोजाना संचालित होगी
पंजाब रोडवेज की सुपरफास्ट एसी वॉल्वो बस लुधियाना से रवाना होगी
लग्जरी बस सेवा मिलने से आम यात्रियों की जेब पर भी कम बोझ पड़ेगा
जम्मू :
मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजाब रोडवेज ने बड़ी सौगात दी है। विभाग ने पहली बार लुधियाना और जालंधर से जम्मू-कटरा तक एसी वॉल्वो बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। शुरुआती समय-सारिणी से जुड़ी कुछ दिक्कतों के बाद अब यह बस सेवा सोमवार से नियमित रूप से रोजाना संचालित होगी। पंजाब रोडवेज की यह सुपरफास्ट एसी वॉल्वो बस लुधियाना से रवाना होगी और जालंधर बस स्टैंड होते हुए जम्मू और कटरा तक जाएगी। सरकारी किराए पर लग्जरी बस सेवा मिलने से आम यात्रियों की जेब पर भी कम बोझ पड़ेगा।
किराए से जूझ रहे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत
इस नई सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को सरकारी किराए पर आरामदायक और सुरक्षित सफर का विकल्प मिलेगा। खासकर गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग और निजी वॉल्वो बसों के महंगे किराए से जूझ रहे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
जालंधर डिपो को तीन नई वॉल्वो बसें मिली
दरअसल, पंजाब रोडवेज ने हाल ही में आधुनिक यूरो-6 वॉल्वो बसों की नई खेप खरीदी है। इन नई बसों को फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट रूट पर लगाया गया है। इसके बाद वहां से खाली हुई पुरानी वॉल्वो बसों को अधिक मांग वाले नए रूटों पर भेजा जा रहा है। जालंधर डिपो को दिल्ली रूट के लिए तीन नई वॉल्वो बसें मिली हैं।
यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस नई बस सेवा को लेकर यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद है। यदि मांग और फीडबैक सकारात्मक रहता है तो आने वाले समय में पंजाब के अन्य प्रमुख शहरों से भी कटरा और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए नई एसी वॉल्वो बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।