CJP आंदोलन में ब्लू फोर्स निहंग पहुंची जंतर-मंतर; गुरुद्वारे में आए आंदोलनकारी तो पुलिस बाहर रुकी
CJP आंदोलन में ब्लू फोर्स निहंग पहुंची जंतर-मंतर; गुरुद्वारे में आए आंदोलनकारी तो पुलिस बाहर रुकी
एक छात्रा ने निहंग को देखकर कहा, “हमारे अंदर जो जान आई है ना, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद”
पुलिस जब उन्हें पीटने के लिए पहुंची तो आंदोलनकारियों ने गुरुद्वारे के अंदर आकर गेट बंद कर दिया
अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल व सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इसका वीडियो पोस्ट किया है
युवाओं के साथ खड़ा सिख पंथ, भारत को फिर याद दिला रहा है कि सेवा ही साहस का सर्वोच्च रूप है
अमृतसर :
नई दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन में निहंग भी शामिल होंगे। ब्लू फोर्स निहंगों की टीम मंगलवार देर शाम 7 बजे जंतर-मंतर पहुंची। उन्हें देखकर प्रदर्शनकारियों में बड़ा उत्साह दिखा। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा ने निहंग को देखकर कहा, “हमारे अंदर जो जान आ गई है ना, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।” वहीं एक निहंग ने कहा कि आपको जब भी हमारी जरूरत पड़ेगी हम आपके साथ हैं। बहुत बढ़िया है कि आप डटे हुए हो। इसी दौरान जंतर-मंतर पर पुलिस लाठीचार्ज के दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे में शरण ली थी। पुलिस जब उन्हें पीटने के लिए पहुंची तो आंदोलनकारियों ने गुरुद्वारे के अंदर आकर गेट बंद कर दिया। जिस वजह से पुलिस उन्हें खदेड़ नहीं सकी और बाहर ही रुकना पड़ा। अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल व सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इसका वीडियो पोस्ट किया है।
जानें, आंदोलन को लेकर निहंग संगठन ने क्या कहा
ब्लू फोर्स निहंग संगठन के मुखी निहंग वरिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार को टीम के करीब 30 से 40 सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे। पंजाब से भी कई निहंग वहां पहुंच चुके हैं और अन्य सदस्य लगातार पहुंच रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल छात्रों के लिए पंखे और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मुस्लिम से माफी मंगवाने के बाद सुर्खियों में आया था
बता दें कि ये निहंग संगठन गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले मुस्लिम युवक सुब्हान रंगरीज से माफी मंगवाने के बाद सुर्खियों में आया था। इसी संगठन ने उसके घर जाकर उसे पकड़ा था और फिर माफी मंगवाने के बाद गाजियाबाद पुलिस के हवाले किया था।
कैसे बंगला साहिब गुरुद्वारे में जमा हुए प्रदर्शनकारी
सांसद हरसिमरत बादल ने एक वीडियो ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि मैं हर उस सेवादार और सिख पंथ के हर सदस्य के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं जो विनम्रता और करुणा के साथ सेवा कर रहे हैं। सेवा की यही भावना हमारी सबसे बड़ी ताकत और हमारी सबसे गौरवशाली विरासत है।
सेवा सिखों का कर्तव्य नहीं, बल्कि ये हमारी पहचान
वहीं अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल ने लिखा- सेवा सिखों का कोई कर्तव्य नहीं है, बल्कि यह हमारी पहचान है। जरूरतमंदों को गुरु के दरबार में हमेशा शरण मिलेगी। सिख पंथ पर गर्व है कि वह हमारे युवाओं के साथ खड़ा है और भारत को एक बार फिर याद दिला रहा है कि सेवा ही साहस का सर्वोच्च रूप है।
संसद कूच की कोशिश पर पुलिस ने भांजीं लाठियां
इस वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शनकारी गुरुद्वारे के अंदर हैं और पुलिस बाहर खड़ी है। यह वीडियो 20 जुलाई का माना जा रहा है जब कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलनकारियों ने संसद कूच की कोशिश की और पुलिस ने उन पर लाठियां भांजीं। ,