कांग्रेस नेता भरत भूषण आशू की पोस्ट वायरल, चन्नी को लेकर लिखी यह बात
कांग्रेस नेता भरत भूषण आशू की पोस्ट वायरल, चन्नी को लेकर लिखी यह बात
यह पोस्ट इस समय पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है
लिखा गया, “सारा पंजाब चन्नी नाल” यानी “सारा पंजाब चन्नी के साथ”
चन्नी के साथ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीरें भी हैं
एक गुट चन्नी तो दूसरा गुट अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का समर्थक
पंजाब डेस्क
पंजाब कांग्रेस के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी में इस समय दो गुट बन चुके हैं जिसमें एक गुट पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी का समर्थन कर रहा है, तो वहीं दूसरा गुट अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का। इस कलह के बीच भरत भूषण आशू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है जो इस समय पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है। आशू ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की तस्वीर साझा करते हुए पंजाबी में लिखा, “सारा पंजाब चन्नी नाल” यानी “सारा पंजाब चन्नी के साथ”। पोस्ट में चन्नी की बड़ी तस्वीर के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं।
पार्टी हाईकमान को संदेश देने की कोशिश है
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह पोस्ट पार्टी हाईकमान को संदेश देने की कोशिश मानी जा रही है कि चन्नी को पार्टी के अंदर काफी बड़ा समर्थन हासिल है। यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब पंजाब कांग्रेस में संगठन और नेतृत्व को लेकर अलग-अलग नेताओं के बीच मतभेद और गुटबाजी की चर्चाएं तेज हैं।
चन्नी के करीबी माने जाते हैं भारत भूषण आशू
बता दें कि भारत भूषण आशू की पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के साथ नजदीकियां हाई कमान को भली भांति मालूम है और आशु चन्नी गुट के अहम चेहरा माने जाते हैं। आशू की इस पोस्ट ने पंजाब कांग्रेस के अंदर चल रही सियासी हलचल को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व इस तरह के राजनीतिक संकेतों को किस तरह देखता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।