जालंधर न्यू दशमेश नगर डबल मर्डर केस
सौरभ और सिमरनजीत उर्फ पप्पू की हत्या की जिम्मेदारी ली है
दावा-दोनों ने जेल में साथी सुखमन बराड़ को नुकसान पहुंचाया था
सौरभ के साथियों को धमकी दी और कहा कि अब उनकी बारी है
7 नामजद आरोपियों की पहचान की, जबकि 2 की तलाश जारी
जालंधर
जालंधर के न्यू दशमेश नगर में हुए डबल मर्डर मामले ने नया मोड़ ले लिया है। विदेश में बैठे गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सौरभ और सिमरनजीत उर्फ पप्पू की हत्या की जिम्मेदारी ली है। बता दें कि शुक्रवार को न्यू दशमेश नगर में हुई गोलीबारी में सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सौरभ ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इसके बाद मामला डबल मर्डर में बदल गया।पोस्ट में गैंगस्टर ने दावा किया कि दोनों युवकों ने जेल में उसके साथी सुखमन बराड़ को नुकसान पहुंचाया था और यह उसी का बदला है।
पुलिस ने दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की
गैंगस्टर ने सौरभ के साथियों को भी धमकी दी और कहा कि अब उनकी बारी है। पोस्ट के अंत में “जोगा फोलड़ीवाल” और “खत्री ग्रुप नवांशहर” का नाम लिखा गया है। गैंगस्टर ने यह भी दावा किया कि सौरभ की हत्या उसके इशारे पर की गई और हमलावरों को पिस्टल व गोलियां उपलब्ध कराई गई थीं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है, जबकि 2 अन्य की तलाश जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जालंधर और आसपास के जिलों में छापेमारी की जा रही है। मृतकों के परिवारों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना से एक दिन पहले हुए झगड़े की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।