चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल भर्ती के नियम बदले : अब 3 भाषाओं में होगी परीक्षा, इंटरव्यू खत्म और होगी नेगेटिव मार्किंग
चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल भर्ती के नियम बदले : अब 3 भाषाओं में होगी परीक्षा, इंटरव्यू खत्म और होगी नेगेटिव मार्किंग
‘द कांस्टेबल भर्ती (तीसरा संशोधन) नियम, 2026’ की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई
अब भविष्य में होने वाली भर्तियां ट्रांसपेरेंट रिक्रूटमेंट प्रोसेस (TRP) के नियमों तहत पारदर्शी होंगी
भर्ती में चयन प्रक्रिया निष्पक्ष बनने की उम्मीद है तथा सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिलेगा
वहीं अंतिम चयन के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण दोनों महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे
चंडीगढ़
चंडीगढ़ पुलिस विभाग ने ग्रुप-C (एग्जीक्यूटिव) पुरुष और महिला कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। इसके लिए ‘द कांस्टेबल भर्ती (तीसरा संशोधन) नियम, 2026’ की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब भविष्य में होने वाली सभी भर्तियां ट्रांसपेरेंट रिक्रूटमेंट प्रोसेस (TRP) के नियमों के तहत पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जाएंगी।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़े प्रमुख बदलाव
1. 100 अंकों की लिखित परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया में चयन के लिए अब 100 अंकों का बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) आधारित लिखित परीक्षा टेस्ट होगा। उम्मीदवार अपनी सुविधा अनुसार कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) या OMR शीट आधारित परीक्षा दे सकेंगे। दोनों माध्यमों में प्रश्न, अंक और मूल्यांकन प्रक्रिया समान रहेगी। इस बदलाव का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाना है।
2. गलत जवाब पर नेगेटिव मार्किंग
नई भर्ती व्यवस्था में प्रत्येक सही उत्तर पर 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काट लिए जाएंगे। नेगेटिव मार्किंग लागू होने से उम्मीदवारों को केवल अनुमान के आधार पर उत्तर देने से बचना होगा। इससे परीक्षा का स्तर बेहतर होगा और वास्तविक ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को अधिक लाभ मिलेगा। परीक्षा की मेरिट भी अधिक निष्पक्ष तरीके से तैयार की जाएगी।
3. तीन भाषाओं में होगी यह परीक्षा
अभ्यर्थी हिंदी, अंग्रेजी या पंजाबी में से किसी भी भाषा में परीक्षा दे सकेंगे। पसंदीदा भाषा का चयन आवेदन पत्र भरते समय ही करना होगा, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों को समान अवसर देना है। सभी भाषाओं में प्रश्नों का स्तर और कठिनाई समान रखी जाएगी ताकि निष्पक्षता बनी रहे।
4. इंटरव्यू को पूरी तरह खत्म किया
वहीं इस भर्ती प्रक्रिया में पक्षपात की संभावना खत्म करने के लिए इंटरव्यू को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। अब अंतिम मेरिट सूची केवल लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों और निर्धारित बोनस अंकों के आधार पर बनाई जाएगी। इस फैसले से चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनने की उम्मीद है तथा सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिलेगा।
5. लिखित के बाद फिजिकल टेस्ट
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में केवल वही उम्मीदवार शामिल होंगे जो लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक पास करेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को फिजिकल एंड्यूरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PE&MT) के लिए बुलाया जाएगा। इस चरण में शारीरिक क्षमता और निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। अंतिम चयन के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षण दोनों निर्धारित नियमों के अनुसार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।