पंजाब में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट : 17 जून तक बद

पंजाब में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट

आंधी की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है

प्रदेश के तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है

सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस अबोहर में रिकॉर्ड किया

अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6°C तक की गिरावट

चंडीगढ़ 

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्यभर में बारिश, तेज आंधी और कई इलाकों में ओलावृष्टि के चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंधी की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। गुरुवार को हुई रुक-रुक कर बारिश, ओले और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अब तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हालांकि सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस अबोहर में रिकॉर्ड किया गया।

17 जून तक बना रहेगा पंजाब में मौसम

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 17 जून तक पंजाब में मौसम इसी तरह बना रहेगा। इस दौरान लोगों को लू से राहत मिलेगी, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, बठिंडा और मानसा में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। 

मध्यम बारिश और तेज हवा के आसार

इसके अलावा पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। तेज आंधी के कारण कई जगहों पर नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं। अमृतसर के जंडियाला गुरु में तेज हवाओं के चलते दो बाइक सवार सड़क पर गिर गए, जबकि एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं पठानकोट में अमृतसर नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया।

76 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज

खराब मौसम का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। तेज आंधी के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके कारण बिजली की मांग में 76 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। 10 जून को जहां बिजली की मांग 15,500 मेगावाट थी, वहीं गुरुवार शाम यह घटकर 3,603 मेगावाट रह गई। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल मानसून की गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं और पंजाब में मौसम सुहावना बना रहने की उम्मीद है।