जलालाबाद के चक्क सुखेरा-डिब्बीपुरा लिंक रोड पर बच्

जलालाबाद के चक्क सुखेरा-डिब्बीपुरा लिंक रोड पर बच्चों से भरी स्कूल वैन खेत में पलटी, सभी की जान बचाई

जलालाबाद के चक्क सुखेरा-डिब्बीपुरा लिंक रोड पर बच्चों से भरी स्कूल वैन खेत में पलटी, सभी की जान बचाई 

13 बच्चे थे सवार, ग्रामीणों ने सड़क पर अतिक्रमण को दुर्घटना का कारण बताया

किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई, जबकि कुछ बच्चों को मामूली चोटें लगी

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों के साथ मिल बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

वहीं कागजों में करीब 22 फीट चौड़ी दर्ज यह सड़क अब केवल 11 फीट रह गई

फाजिल्का। 

जलालाबाद के चक्क सुखेरा-डिब्बीपुरा लिंक रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर धान के खेत में पलट गई। हादसे के समय वैन में 13 बच्चे सवार थे। हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि ग्रामीणों ने सड़क पर अतिक्रमण को दुर्घटना का कारण बताया। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई, जबकि कुछ बच्चों को मामूली चोटें लगी हैं।

सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

प्रत्यक्षदर्शी दीपू दौधी ने बताया कि वह वैन के पीछे अपनी गाड़ी से आ रहे थे। अचानक वैन सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में वैन चालक का हाथ वाहन के नीचे फंस गया था, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

22 फीट चौड़ी सड़क 11 फीट रह गई

गांव के सरपंच खैरा सिंह ने बताया कि सड़क किनारे बनी पटरियों (बरमों) पर किसानों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। कागजों में करीब 22 फीट चौड़ी दर्ज यह सड़क अब केवल 11 फीट रह गई है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की वास्तविक चौड़ाई बहाल करने और दोनों ओर पक्की पटरियां बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।