गैंगस्टर नीतीश कौशल अमेरिका में गिरफ्तार, FBI की म

गैंगस्टर नीतीश कौशल अमेरिका में गिरफ्तार, FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में था शामिल

 गैंगस्टर नीतीश कौशल अमेरिका में गिरफ्तार, FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में था शामिल

हाल ही में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने वान्टेड लिस्ट में डाला था

FBI के मुताबिक 26 साल के नीतीश को ‘लाला’ के नाम से भी जाना जाता है

हथियारबंद, खतरनाक और फरार होने की आशंका वाला आरोपी बताया था

वहीं FBI ने नीतीश कौशल पर ये कार्रवाई ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत की है

नई दिल्ली

भारतीय गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है. हाल ही में उसे अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने अपने वान्टेड लिस्ट में डाला था. कौशल पर एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन का हिस्सा होने, अपहरण और मारपीट की घटनाओं के साथ-साथ अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप है. गिरफ्तारी के बारे में FBI ने बताया कि नीतिश कौशल को वरमोंट में गिरफ्तार किया गया है. FBI के मुताबिक नीतीश कौशल को ‘लाला’ के नाम से भी जाना जाता है. वह तकरीबन 26 साल का है और जग्गू भगवानपुरिया ग्रुप का अहम सदस्य बताया जाता है। यह गिरोह हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.

25 जून को जारी हुआ था गिरफ्तारी वारंट

एजेंसी के मुताबिक, नितिश कौशल पर भी इस गिरोह की ओर से हिंसक वारदातों, खासकर अपहरण और हमलों को अंजाम देने के आरोप हैं. 25 जून 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत ने नितिश कौशल के खिलाफ रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस (RICO) साजिश के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. एफबीआई ने पहले उसे हथियारबंद, बेहद खतरनाक और फरार होने की आशंका वाला आरोपी बताया था.

ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत हुई कार्रवाई

FBI ने नीतीश कौशल पर ये कार्रवाई ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत की है. यह अमेरिकी FBI, DEA, HSI और अन्य एजेंसियों का संयुक्त अभियान है. इस पूरे ऑपरेशन के दौरान जांच एजेंसियों ने तकरीबन 1,000 किलो कोकीन, 1 किलो हेरोइन, 40 हजार डॉलर नकद और 12 हथियार की जब्ती की है.कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो इलाके में 23 और लॉस एंजिलिस इलाके में 11 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला है.

FBI की चार्जशीट में ये नाम भी शामिल

FBI ने इन ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह ढांडा, गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा समेत 37 अपराधियों को अपने चार्जशीट में शामिल किया है. इन अपराधियों पर यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, नशा तस्करी, हवाला कारोबार, हथियारों की खरीद फरोख्त, जबरन वसूली, मर्डर और हरदीप सिंह निज्जर के कत्ल समेत कई मामलों से जुड़ी जांच के तहत की गई है.