जालंधर-पठानकोट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बस की टक्कर से पति-पत्नी की मौत
जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव खारला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। ‘करतार कंपनी की बस की चपेट में आने से दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय गुरनाम सिंह और उनकी 55 वर्षीय पत्नी मंजीत कौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों गुरदासपुर से मोटरसाइकिल पर पटियाला गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तलवाड़ा से जालंधर की ओर जा रही ‘करतार’ कंपनी की बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
संबंधित थाने की पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।