Customer narrowly escapes accident on the highway.

जालंधर में नई एक्टिवा को लेकर हंगामा, ग्राहक ने शोरूम पर लगाए गंभीर आरोप

Written by:

Yug Nayyar

Last Updated: September 02 2026 12:47:42 PM

फुटबॉल चौक स्थित जीएस होंडा शोरूम में नई एक्टिवा को लेकर ग्राहक और शोरूम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते शोरूम के बाहर हंगामा शुरू हो गया।

जालंधर में नई एक्टिवा को लेकर हंगामा ग्राहक ने शोरूम पर लगाए गंभीर आरोप

जालंधर में नई एक्टिवा को लेकर हंगामा, ग्राहक ने शोरूम पर लगाए गंभीर आरोप

जालंधर: फुटबॉल चौक स्थित जीएस होंडा शोरूम में नई एक्टिवा को लेकर ग्राहक और शोरूम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते शोरूम के बाहर हंगामा शुरू हो गया। ग्राहक ने आरोप लगाया कि 24 दिन पहले खरीदी गई नई एक्टिवा रास्ते में बार-बार बंद हो रही है और शिकायत करने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।

हाईवे पर हादसे से बाल-बाल बचा ग्राहक

सेंट्रल टाउन निवासी दीपक के अनुसार, उसने करीब 24 दिन पहले शोरूम से नई एक्टिवा खरीदी थी। एक्टिवा की टंकी फुल करवाकर वह नंगल की ओर गया था। रास्ते में अचानक एक्टिवा मिसिंग करने लगी और हाईवे पर वह हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा।

दीपक का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर शोरूम पहुंचा तो कर्मचारियों ने उसे नई एक्टिवा में शुरुआती दो महीनों तक 200 रुपये का पेट्रोल डलवाने की बात कही। ग्राहक का कहना है कि अगर एक्टिवा अपने आप रास्ते में बंद हो रही है तो लंबी दूरी के सफर में वह बार-बार पेट्रोल कैसे डलवाता रहेगा।

गुस्साए ग्राहक ने एक्टिवा पर लगाए पोस्टर

दीपक ने शोरूम कर्मचारियों पर कथित तौर पर गलत व्यवहार करने और एक्टिवा की सही तरीके से सर्विस न करने के आरोप भी लगाए। उसका कहना है कि वह सुबह से एक्टिवा ठीक करवाने के लिए शोरूम में खड़ा था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।

इसके बाद गुस्साए ग्राहक ने शोरूम के बाहर खड़ी कई एक्टिवा पर पोस्टर लगा दिए। पोस्टरों पर 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल नहीं भरवाने की बात लिखी गई थी।

सुपरवाइजर ने ग्राहक के आरोपों पर दिया जवाब

वहीं शोरूम के सुपरवाइजर दीपक ने ग्राहक के आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह सुबह करीब 9:25 बजे शोरूम पहुंचा था। उस समय करीब 25 ग्राहक एक्टिवा की सर्विस करवाने के लिए आए हुए थे और ग्राहक दीपक की एक्टिवा का नंबर भी सर्विस की कतार में लगा हुआ था।

सुपरवाइजर के अनुसार, ग्राहक जल्द एक्टिवा ठीक करवाने की बात कह रहा था और इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई।

शोरूम अधिकारी बोले- टंकी फुल करवाने से आ सकती है परेशानी

शोरूम के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक्टिवा के पेट्रोल टैंक को लेकर कुछ तकनीकी परेशानी सामने आ रही है। उन्होंने 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल नहीं डालने की बात को स्पष्ट रूप से गलत बताया।

अधिकारी के अनुसार, ग्राहकों को टंकी फुल नहीं करवाने की सलाह दी जाती है। उनका कहना है कि टंकी पूरी भरने पर गैस बनने के कारण वाहनों में इस तरह की परेशानी आ सकती है। उन्होंने कहा कि ग्राहक दीपक को भी टंकी फुल न करवाने के संबंध में जानकारी दी गई थी।

फिलहाल ग्राहक और शोरूम प्रबंधन दोनों ने अपना-अपना पक्ष रखा है। विवाद के बीच ग्राहक अपनी नई एक्टिवा की समस्या का स्थायी समाधान और नई एक्टिवा उपलब्ध करवाने की मांग कर रहा है।

Related to this topic: