LPU में प्रदर्शन को लेकर गरमाया माहौल, DGP गौरव यादव ने लिया जायजा
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। मामले को लेकर बिगड़े हालात के बीच पंजाब के DGP गौरव यादव आज खुद LPU पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
इस दौरान DGP गौरव यादव ने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।
DGP ने बताया कि छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के बीच आज फिर बैठक रखी गई है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनी जाएगी और उनकी समस्याओं को मैनेजमेंट के सामने रखा जाएगा।
DGP के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र बाहर आए थे, जिसके दौरान तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस और मीडिया वाहनों को भी निशाना बनाया गया। पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर मामला शांत करवाया था और FIR दर्ज की गई थी। हालांकि, देर रात कुछ लोगों द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश की गई।
DGP गौरव यादव ने यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट से छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की बात कही। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मीडिया से केवल सत्यापित एवं सही जानकारी ही प्रसारित करने की अपील की।