महर्षि दयानंद चौक का भव्य उद्घाटन, जालंधर कैंट के सौंदर्यीकरण को मिली नई दिशा
जालंधर। जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास को गति देते हुए आम आदमी पार्टी की हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने शनिवार को नव-निर्मित महर्षि दयानंद चौक का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में कैंट क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, स्थानीय निवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की और इस पहल का स्वागत किया।
महर्षि दयानंद सरस्वती को किया नमन
समारोह के दौरान राजविंदर कौर थियाड़ा ने महान समाज सुधारक एवं आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं नमन किया। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद जी के सत्य, ज्ञान और सामाजिक सुधार से जुड़े विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं।
थियाड़ा ने कहा कि महर्षि दयानंद के नाम पर चौक का नामकरण और इसका सौंदर्यीकरण क्षेत्र की पहचान को और बेहतर बनाएगा। साथ ही, यह आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करेगा।
विकास और सौंदर्यीकरण प्राथमिकता
स्थानीय निवासियों से बातचीत करते हुए राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि जालंधर कैंट हलके का सर्वांगीण विकास और सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के नेतृत्व में कैंट क्षेत्र में विकास और सौंदर्यीकरण की कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र को अधिक सुंदर, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है।
उद्घाटन अवसर पर मौजूद लोगों ने महर्षि दयानंद चौक के निर्माण और सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।