मॉडल टाउन में भीषण हादसा: 2 कारों की टक्कर के बाद मिठाई की दुकान में घुसी इनोवा, मालिक गंभीर घायल
जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां दो कारों की टक्कर के बाद एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर बीकानेर मिष्ठान भंडार में जा घुसी। इस दौरान दुकान मालिक अक्खी सिंह कार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल अक्खी सिंह की पत्नी किरण ने बताया कि हादसे के समय उनके पति दुकान पर मौजूद थे। वह दुकान पर काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार दुकान के अंदर आ गई और उनके पति इसकी चपेट में आ गए। महिला के मुताबिक हादसा इतना जोरदार था कि कार के टायर तक फट गए और दुकान का थड़ा भी टूट गया।
परिवार का कहना है कि अक्खी सिंह को हादसे में पसली में चोट लगी है। वह पहले से शुगर के मरीज हैं, इसलिए परिवार उनकी हालत को लेकर चिंतित है।
पुलिस पर गंभीर आरोप
अक्खी सिंह की पत्नी किरण ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उन्होंने पुलिस को शिकायत दी तो कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी ने कहा कि "आपका बंदा तो नहीं मर गया।" इस पर महिला ने नाराजगी जताते हुए पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े किए।
परिवार का आरोप है कि हादसे में शामिल इनोवा कार सरकारी वाहन बताई जा रही है और इसी वजह से पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बेटे ने बताई हादसे की पूरी कहानी
अक्खी सिंह के बेटे पंकज ने बताया कि उनके पिता सुबह दुकान की बेसमेंट से बाहर आए थे और दुकान पर दूध उतरवा रहे थे। इसी दौरान इनोवा और किआ कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद इनोवा अनियंत्रित होकर उनके पिता से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पंकज के अनुसार हादसा इनोवा चालक की गलती से हुआ। परिवार का आरोप है कि इनोवा को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन का ड्राइवर चला रहा था। परिवार का दावा है कि हादसे के बाद कार के अंदर ड्राइवर की वर्दी भी मिली और कार पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट का झंडा लगा हुआ था, जिसे बाद में उतार दिया गया।
परिवार ने पुलिस से मांग की है कि उनके बयान दर्ज किए जाएं, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल घायल अक्खी सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस कार्रवाई को लेकर परिवार की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं।