लुधियाना व ढंडारी कलां स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट देने पर रोक लगाई
बढ़ती भीड़ को देखते कई और स्टेशनों पर भी नियम किया जाएगा लागू
सुखद यात्रा के मद्देनजर पटाखे व ज्वलनशील वस्तुएं ले जाने पर प्रतिबंध
जालंधर/फगवाड़ा :
त्यौहारों के बीच ट्रेनों की देरी के क्रम ने यात्रियों के लिए मुश्किलें पैदा करने का काम किया है, विभिन्न ट्रेनों ने 4 से 9 घंटे तक इंतजार करवाया। वहीं, नई दिल्ली से चलने वाली 12497 शान-ए-पंजाब 14 अक्तूबर को फगवाड़ा से वापसी करेगी जिसके चलते जालंधर, अमृतसर व ब्यास स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा होगी।
स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट देने पर रोक लगी
अधिकारियों ने बताया कि लुधियाना व ढंडारी कलां स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट देने पर रोक लगाई है, आने वाले दिनों में त्यौहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई और स्टेशनों पर भी यह नियम लागू किया जाएगा। वहीं, अमृतसर से दिल्ली जाने वाली 12498 अमृतसर से फगवाड़ा तक रद्द रहेगी, ट्रेन का संचालन ढंडारी कलां स्टेशन से शाम 5.35 पर होगी।
रेल स्टेशन पर निर्धारित समय से लेट पहुंची ट्रेन
ट्रेनों की देरी के क्रम में आम्रपाली एक्सप्रैस 15707 लगभग 4 घंटे लेट रही और अपने निर्धारित समय सुबह 10.30 के स्थान पर दोपहर 2.20 के बाद सिटी स्टेशन पर पहुंची। डा. अंबेडकर नगर से वैष्णो देवी जाने वाली 12919 मालवा एक्सप्रैस अपने निर्धारित समय सुबह साढ़े 10 से लगभग 9 घंटे लेट रहते हुए शाम साढ़े 7 बजे के करीब कैंट स्टेशन पर पहुंची।
सफर के दौरान पटाखे लेकर जाने पर प्रतिबंध
वहीं, रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुखद यात्रा को मद्देनजर रखते हुए पटाखे व ज्वलनशील वस्तुएं लेकर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। बढ़ रही यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट देने पर रोक लगाई गई है, जिसके चलते यात्री को स्टेशन के बाहर तक छोड़ना होगा। परिजन व अन्य स्टेशनों के अंदर तक नहीं आ पाएंगे।