सूर्या एनक्लेव लूटकांड में बड़ा एक्शन, 50 लाख कैश लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
जालंधर: सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात करीब 7:50 बजे 60 वर्षीय लोहा व्यापारी ललित मित्तल पर जानलेवा हमला कर कैश से भरा बैग लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बैग में करीब 50 लाख रुपये की नकदी होने की बात सामने आई है। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
लड़की ने पुराने ड्राइवर के साथ मिलकर रची साजिश!
सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में एक लड़की की भूमिका सामने आई है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने कुछ महीने पहले लड़की को अपनी दुकान पर काम के लिए रखा था। आरोप है कि उसने व्यापारी के पुराने ड्राइवर के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश की ओर फरार हो गए थे।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों और लूट की रकम के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
रॉड से कार के शीशे तोड़े, कारोबारी के माथे पर किया वार
लूट के दौरान आरोपियों ने व्यापारी की कार के शीशे रॉड से तोड़ दिए थे और उनके माथे पर भी वार किया था। ललित मित्तल ने घटना के बाद बताया था कि वह हमेशा की तरह टांडा रोड स्थित अपने दफ्तर से निकले थे। उनका घर सूर्या एनक्लेव में होने के कारण वह किशनपुरा स्थित दुग्गल बेकरी से होते हुए 120 फीट रोड की तरफ जा रहे थे।
व्यापारी के मुताबिक, रास्ते में उन्हें एहसास हुआ कि एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही है। 120 फीट रोड पर स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। उन्होंने अपनी कार की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन पीछे आ रही कार अचानक उनकी कार के आगे आ गई। जब उन्होंने कार रोकने का इशारा किया तो आरोपियों ने गाड़ी बैक की और इसके बाद उनकी कार में जोरदार टक्कर मारकर उन्हें घेर लिया।
ललित मित्तल CJS स्कूल के मालिक होने के साथ-साथ सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है।