केरल में भीषण सड़क हादसा, 8 छात्रों की मौत; खड़ी लॉरी से टकराई कार
त्रिशूर: केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 छात्रों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे त्रिशूर के कैपमंगलम इलाके में हुआ। सभी मृतक पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित पीएसएम इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र एक कार में सवार होकर गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पनांबीकुन्नू के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर खड़ी एक मालवाहक लॉरी से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और दमकल एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।