करतारपुर लेक्चरर नेहा बस्सी मौत केस में बड़ी कार्रवाई, पति और सास गिरफ्तार
जालंधर/करतारपुर: करतारपुर की सेंट सोल्जर कॉलेज की लेक्चरर नेहा बस्सी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नेहा के पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी को उज्जैन से गिरफ्तार किया है। दोनों को अब जालंधर लाया जा रहा है। वहीं पुलिस ने इस मामले में 6 साल की बच्ची को भी बरामद कर लिया है। इससे पहले पुलिस सतपाल कौर को गिरफ्तार कर चुकी है।
टॉयलेट क्लीनर पिलाकर हत्या का आरोप
जानकारी के मुताबिक, नेहा बस्सी की मौत टॉयलेट क्लीनर हार्पिक पिलाने से हुई। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। मामले की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने का दावा किया जा रहा है।
206 पन्नों की चैट से सामने आई कथित साजिश
मामले में सतपाल कौर के पति विशाल शर्मा ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। विशाल के मुताबिक, उन्हें अपनी पत्नी सतपाल कौर और उमंग बस्सी के बीच कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का पता चला था। उन्होंने दावा किया कि दोनों के बीच करीब 15 दिनों की 206 पन्नों की WhatsApp चैट मिली, जिसमें कथित तौर पर अपने-अपने जीवनसाथियों को रास्ते से हटाने की बात की गई थी।
विशाल शर्मा का कहना है कि उनका और सतपाल कौर का करीब 11 साल पहले लव मैरिज हुआ था और उनकी 9 साल की बेटी है। उन्होंने जालंधर में करीब 1 करोड़ रुपये का मकान भी पत्नी के नाम करवाया था।
विशाल ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप
विशाल के अनुसार, करीब छह महीने पहले उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी का उमंग बस्सी के साथ कथित तौर पर तीन साल से संबंध था। उन्होंने दावा किया कि 3 फरवरी 2026 को जब वह अचानक घर पहुंचे, तो उनकी पत्नी किसी से चैट कर रही थी। मोबाइल देखने की कोशिश करने पर विवाद हुआ और उनकी पत्नी घर से चली गई।
विशाल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी के स्कूल के बाहर उमंग बस्सी ने उन पर तेजधार हथियार से हमला किया था। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं हुई।
जांच अधिकारी ASI बोधराज सस्पेंड
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जांच अधिकारी ASI बोधराज को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
विशाल शर्मा का आरोप है कि एक कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की वजह से दो परिवार बर्बाद हो गए। उनका कहना है कि वह अब कानून के जरिए न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।
हालांकि, आरोपों और चैट से जुड़े दावों की अंतिम पुष्टि पुलिस की जांच और आधिकारिक खुलासे के बाद ही होगी।