आम आदमी क्लीनिक के कर्मचारियों का ऐलान, 25 अगस्त को OPD सेवाएं रहेंगी बंद
पंजाब के आम आदमी क्लीनिकों में काम कर रहे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। साझा फ्रंट आम आदमी क्लीनिक पंजाब की एक अहम बैठक में 27 जुलाई 2026 को हुई हड़ताल के बाद सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मानी गई मांगों की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई।
फ्रंट के नेताओं के मुताबिक, 27 जुलाई की हड़ताल के दौरान सरकार और स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई बैठक में उनकी तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनी थी।
इनमें इंसेंटिव में बढ़ोतरी, कैजुअल लीव के साथ मेडिकल लीव की सुविधा और कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देना शामिल है। इसके साथ ही मौजूदा एम्पैनलमेंट सिस्टम को खत्म कर कर्मचारियों को DHS के अधीन कॉन्ट्रैक्ट पर लाने की मांग भी रखी गई थी।
फ्रंट के नेताओं का कहना है कि सरकार और विभाग की ओर से इन मांगों पर सहमति बनने के बावजूद करीब एक महीना बीतने वाला है, लेकिन अभी तक किसी भी मांग को जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया गया है। साथ ही विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि मांगों से संबंधित फाइल फिलहाल किस स्तर पर लंबित है और इन्हें लागू करने में कितना और समय लगेगा।
25 अगस्त को OPD सेवाएं बंद रखने का ऐलान
साझा फ्रंट ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अपील की है कि पहले हुई सहमति के अनुसार मांगों को जल्द लागू किया जाए और कर्मचारियों को स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए।
फ्रंट ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों को लेकर कोई स्पष्टता नहीं दी गई तो 25 अगस्त 2026 को आम आदमी क्लीनिकों की OPD सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी जाएंगी।
इसके अलावा फ्रंट ने 27 अगस्त 2026 को CHO यूनियन, आउटसोर्सिंग यूनियन, फार्मासिस्ट एसोसिएशन और अन्य रेगुलर यूनियनों की ओर से किए जाने वाले संघर्ष को भी पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है।
साझा फ्रंट ने स्पष्ट किया कि अपनी जायज और पहले से सहमति के आधार पर स्वीकार की गई मांगों को लागू करवाने तक संघर्ष जारी रहेगा। फ्रंट ने सरकार से मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना किसी और देरी के मांगों को लागू करने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों में बढ़ रही नाराजगी और असंतोष को दूर किया जा सके।