बिक्रम सिंह मजीठिया की फिर बढ़ीं मुश्किलें, अदालत ने फिर बढ़ाई न्यायिक हिरासत
भारी पुलिस सुरक्षा के साथ मोहाली कोर्ट में पेश, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
पंजाब के सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने जिला प्रशासनिक और कोर्ट परिसर को घेर लिया
विजिलेंस मांग सकती है रिमांड, बिक्रम मजीठिया 26 जून से विजिलेंस की हिरासत में
पंजाब डेस्क :
बिक्रम सिंह मजीठिया को भारी पुलिस सुरक्षा के साथ मोहाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने बिक्रम मजीठिया को फिर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब इस मामले की सुनवाई 2 अगस्त को फिर होगी। जानकारी के अनुसार, बिक्रम सिंह मजीठिया को भारी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में मोहाली कोर्ट लाया गया। सैकड़ों पंजाब पुलिसकर्मियों ने जिला प्रशासनिक और कोर्ट परिसर को घेर लिया और मजीठिया को मीडिया से दूर रखा। माना जा रहा है कि विजिलेंस कुछ और दिन का रिमांड मांग सकती है। मजीठिया 26 जून से विजिलेंस की हिरासत में हैं।
25 जून को किया गया था अरेस्ट
बिक्रम मजीठिया के घर 25 जून को सुबह-सुबह विजिलेंस अधिकारियों ने रेड की थी। विजिलेंस के 30 अधिकारी मजीठिया के घर रेड करने पहुंचे थे। इस दौरान मजीठिया की पत्नी गनीव कौर ने विजिलेंस अधिकारियों पर धक्का मारने के आरोप भी लगाए थे। दोपहर सवा 12 बजे मजीठिया को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया था।
540 करोड़ की संपत्ति का जिक्र
मजीठिया पर 25 जून तड़के सुबह 4 बजे केस दर्ज किया गया था FIR के मुताबिक मजीठिया के पास 540 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति जो उनकी घोषित आय से कहीं ज्यादा है। वहीं मनी लॉड्रिंग के लिए शेल कंपनियों का इस्तेमाल, संदिग्ध विदेशी लेनदेन को लेकर केस दर्ज किया गया है। वहीं विजिलेंस की टीम ने बिक्रम मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 आईपैड, 8 डायरियां और अन्य डॉक्यूमेंट्स बरामद किए गए हैं।