जालंधर कत्ल केस में बड़ा खुलासा, 24 घंटे में पति-पत्नी गिरफ्तार, ADCP ने किया खुलासा
खून से सना डंडा, टूटी हुई करद, खून से सनी सीमेंट की ईंट और ऑटो बरामद
दोनों आरोपी सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर किये अरेस्ट
दिव्यांग छोटे भाई टहिल दास पर तेजधार हथियार और ईंटों से हमला कर दिया
वारदात के बाद दोनों मौके से फरार, टहिल दास की इलाज के दौरान हुई मौत
जालंधर :
थाना सदर पुलिस ने हत्या के मामले में पति-पत्नी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना डंडा, टूटी हुई करद, खून से सनी सीमेंट की ईंट और ऑटो बरामद किया है। एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में थाना सदर के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पुलिस पार्टी के साथ कार्रवाई करते दोनों आरोपियों सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर को गिरफ्तार किया।
तेजधार हथियार और ईंटों से हमला
पुलिस के मुताबिक, धर्मपुरा आबादी खांबड़ा में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सोहांग उर्फ भोला ने अपनी पत्नी कमलजीत कौर के साथ मिलकर अपने 35 वर्षीय दिव्यांग छोटे भाई टहिल दास पर तेजधार हथियार और ईंटों से हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल टहिल दास की इलाज के दौरान मौत हो गई।
आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई
मृतक की मां हरबंस कौर के बयानों के आधार पर थाना सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 314, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।