जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण को चढ़ाएं ये दो भोग, प्रेमानंद महाराज ने बताया पसंदीदा प्रसाद
धर्म : जन्माष्टमी के दिन श्रद्धालुओं के मन में सबसे पहला सवाल यही रहता है कि भगवान श्रीकृष्ण को प्रसन्न करने के लिए कौन-से भोग लगाए जाएं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लड्डू गोपाल को कई तरह के पकवान प्रिय माने जाते हैं। वहीं, प्रेमानंद महाराज ने भगवान कृष्ण को सफेद मक्खन और चावल के आटे का मालपुआ चढ़ाने की बात कही है।
भगवान कृष्ण का सफेद मक्खन से क्या है संबंध?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बाल कृष्ण को बचपन से ही मक्खन बेहद प्रिय था। कहा जाता है कि वह गोपियों के घरों से मक्खन चुराकर खाया करते थे। इसी वजह से उन्हें प्यार से ‘माखन चोर’ भी कहा जाता है।
जन्माष्टमी के अवसर पर कई जगहों पर भगवान कृष्ण को मक्खन और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का भोग लगाया जाता है। प्रेमानंद महाराज के अनुसार, घर पर श्रद्धा और प्रेम से तैयार किया गया भोग भगवान को अर्पित करना शुभ माना जाता है।
घर पर ऐसे बनाएं ताजा सफेद मक्खन
भगवान कृष्ण को भोग लगाने के लिए घर पर ताजा सफेद मक्खन तैयार किया जा सकता है। इसके लिए ताजी मलाई लें और उसे अच्छी तरह मथें। मथने के दौरान मलाई से पानी अलग होने लगेगा।
इसके बाद इसमें ठंडा पानी डालकर दोबारा मथें। कुछ ही समय में मक्खन अलग होकर ऊपर आने लगेगा। तैयार सफेद मक्खन में थोड़ी-सी मिश्री मिलाकर भगवान कृष्ण को भोग लगाया जा सकता है।
लड्डू गोपाल को क्यों पसंद है चावल के आटे का मालपुआ?
मालपुआ जन्माष्टमी सहित कई धार्मिक अवसरों पर भगवान को भोग के रूप में चढ़ाया जाता है। चावल के आटे का मालपुआ बनाने के लिए एक कप चावल का आटा लें और इसमें थोड़ा मैदा, सौंफ, इलायची पाउडर और दूध मिलाकर घोल तैयार करें।
इसके बाद घी में इस घोल को डालकर मालपुआ को सुनहरा होने तक तलें। वहीं, चीनी और पानी से हल्की चाशनी तैयार करें और तले हुए मालपुए को उसमें डुबो दें।
स्वाद और सजावट के लिए मालपुए पर केसर, पिस्ता और बादाम भी डाले जा सकते हैं। जन्माष्टमी पर इन भोगों को श्रद्धा के साथ भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया जा सकता है।