वेंटिलेटर पर भी बेटी को तलाशती रहीं लेक्चरर नेहा की आंखें, भाई बोला-हार्पिक पिलाने में जीजा की गर्लफ्रेंड भी शामिल
अभी यह जांच का विषय है कि नेहा ने क्लीनर खुद पिया या उसे जबरन पिलाया
पोस्टमॉर्टम, मेडिकल साक्ष्य, बयान व आरोपियों से पूछताछ से आगे की स्थिति
पति, सास और सतपाल कौर पर जबरन क्लीनर पिलाने का आरोप लगाया था
परिवार का कहना है कि मौत से पहले नेहा बेटी को देखने के लिए तड़पती रही
उमंग, कुसुम बस्सी और सतपाल कौर फरार तथा बच्ची भी ससुराल पक्ष के पास
जालंधर :
जालंधर में लेक्चरर नेहा (36) की टॉयलेट क्लीनर (हार्पिक) पिलाने के बाद मौत का मामला सामने आया है। नेहा के भाई ने आरोप लगाया कि पति उमंग बस्सी, सास कुसुम बस्सी और उमंग की कथित प्रेमिका सतपाल कौर ने मिलकर उसे जबरन हार्पिक पिलाया। भाई के नए बयान के आधार पर पुलिस ने उमंग और सतपाल कौर को नामजद किया तथा हत्या (धारा 103 BNS) और आपराधिक साजिश (धारा 61(2) BNS) जोड़ी। पुलिस के अनुसार, अभी यह जांच का विषय है कि नेहा ने क्लीनर खुद पिया या उसे जबरन पिलाया गया। पोस्टमॉर्टम, मेडिकल साक्ष्य, बयान और आरोपियों से पूछताछ से आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
जबरन क्लीनर पिलाने का आरोप
परिवार के अनुसार, नेहा ने गंभीर हालत में जज के सामने बयान देकर पति, सास और सतपाल कौर पर जबरन क्लीनर पिलाने का आरोप लगाया था। परिवार का आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद से नेहा को प्रताड़ित किया जा रहा था और पिछले एक साल में पति के कथित प्रेम-संबंध को लेकर विवाद बढ़ गया था। भाभी दिव्या ने आरोप लगाया कि उमंग ने नेहा को कई बार गोली मारने की धमकी दी और उसके पास पिस्टल रहती थी।
परिवार ने मांगीं बच्ची की कस्टडी
नेहा की 6 वर्षीय बेटी कियारा है। परिवार का कहना है कि मौत से पहले नेहा बेटी को देखने के लिए तड़पती रही और उसकी आखिरी इच्छा थी कि कियारा को परिवार की तरह पाला जाए। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद उमंग, कुसुम और सतपाल फरार हैं तथा बच्ची भी ससुराल पक्ष के पास है। परिवार ने बच्ची की कस्टडी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।