जालंधर में 5 किलो हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 1.50 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CIA स्टाफ की टीम ने 5 किलो हेरोइन और 1.50 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिल्लौर निवासी दिलप्रीत सिंह और कमलदीप सिंह के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि CIA स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दो तस्कर शहर में नशे की खेप सप्लाई करने के लिए पहुंच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव कोट कला चौक के पास पटवारी ढाबे के नजदीक ट्रैप लगाकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान दिलप्रीत सिंह के कब्जे से ढाई किलो हेरोइन और 80 हजार रुपये की ड्रग मनी, जबकि कमलदीप सिंह के कब्जे से ढाई किलो हेरोइन और 70 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
जांच में पुलिस को पता चला है कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है। पुलिस उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। हालांकि, दोनों आरोपी फिलहाल अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि वे पहले भी नशे की सप्लाई कर चुके हैं और अब दूसरी बार नशे की खेप पहुंचाने के लिए आए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी कार से आए थे और उन्होंने कार को कुछ दूरी पर खड़ा किया हुआ था। पुलिस ने कार और उसके चालक को भी ट्रैक कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नशा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई लिंक और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे की सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।