संगरूर में भाजपा कार्यालय को पेट्रोल बम से बनाया निशाना, जानी नुकसान की सूचना नहीं
डीएसपी दलबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज संदीप सिंह व एसएचओ सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचे
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस अधिकारियों ने आसपास की जानकारी जुटाई
भाजपा नेताओं का आरोप-पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है
पंजाब में राजनीतिक दलों के कार्यालय भी सुरक्षित नहीं हैं, राज्य सरकार करे सख्त कार्रवाई
संगरूर
भारतीय जनता पार्टी के संगरूर के उपली रोड पर स्थित जिला कार्यालय को कथित तौर पर पेट्रोल बम से निशाना बनाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। सोमवार सुबह कार्यालय खोले जाने के बाद डीएसपी संगरूर दलबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज संदीप सिंह तथा थाना सिटी संगरूर के एसएचओ सुखदेव सिंह पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे। पुलिस आसपास सीसीटीवी सहित पहलुओं की जांच कर रही।
किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है तथा हमले के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, इस घटना का पता चलने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं में रोष है। भाजपा के जिला प्रधान मनिंदर सिंह कपियाल और पूर्व जिला प्रधान संदीप सिंह देवल ने घटना की कड़ी निंदा की।
पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व पहले थानों और अन्य संस्थानों को निशाना बना रहे थे और अब राजनीतिक दलों के कार्यालय भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने बताया कि घटना की जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को भी दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।