कनाडा में पढ़ाई हुई महंगी, स्टडी परमिट के लिए बढ़ी फंडिंग लिमिट
कनाडा: अगर आप कनाडा में पढ़ाई करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर भारतीय छात्रों के लिए अहम है। कनाडा सरकार ने स्टडी परमिट के लिए जरूरी फंडिंग की सीमा बढ़ा दी है। नए नियम 1 सितंबर 2026 से लागू हो गए हैं और क्यूबेक को छोड़कर पूरे कनाडा में प्रभावी होंगे।
अब दिखाने होंगे 24,001 कनाडाई डॉलर
नए नियमों के तहत एक छात्र को अपनी पढ़ाई के लिए पहले से ज्यादा आर्थिक क्षमता दिखानी होगी। पहले स्टडी परमिट के लिए 23,448 कनाडाई डॉलर की फंडिंग दिखानी होती थी, जिसे अब बढ़ाकर 24,001 डॉलर कर दिया गया है। यानी फंडिंग की आवश्यकता में 553 डॉलर का इजाफा हुआ है।
यह रकम भारतीय मुद्रा में करीब 22.76 लाख रुपये के बराबर बताई गई है। हालांकि, यह राशि मुख्य रूप से छात्र के रहने के खर्च की वित्तीय क्षमता से संबंधित है और ट्यूशन फीस व यात्रा खर्च इसके अलावा हो सकते हैं।
किन खर्चों के लिए दिखाना होगा पैसा?
स्टडी परमिट के लिए छात्रों को यह साबित करना होगा कि उनके पास:
-
पहले साल की ट्यूशन फीस भरने के लिए पर्याप्त धन है।
-
कनाडा आने-जाने के यात्रा खर्च के लिए पर्याप्त रकम है।
-
कनाडा में रहने और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने के लिए पर्याप्त फंड मौजूद है।
-
अगर कोर्स एक साल से ज्यादा का है, तो बाकी अवधि के खर्चों को पूरा करने की योजना भी बतानी होगी।
फंड का सबूत कैसे देना होगा?
आवेदक अपने फंड के प्रमाण के तौर पर पहले से भुगतान की गई फीस की रसीद, बैंक स्टेटमेंट, बैंक लोन, कनाडाई बैंक खाते में ट्रांसफर की गई रकम, GIC, पेंशन दस्तावेज या किराये की आय का प्रमाण दे सकते हैं।
इसके अलावा स्कॉलरशिप, वेतन पर्ची या किसी स्पॉन्सर की ओर से दिया गया सहायता पत्र भी प्रस्तुत किया जा सकता है। स्पॉन्सर के पत्र में आवेदक से संबंध, रोजगार, पारिवारिक जानकारी और दी जाने वाली आर्थिक सहायता का विवरण शामिल होना चाहिए।
अब फंड के स्रोत की भी होगी जांच
नए नियमों के तहत फंडिंग की जरूरत सिर्फ रकम दिखाने तक सीमित नहीं है। जुलाई 2026 से सभी आवेदकों के लिए यह भी जांच की जा रही है कि पैसा आखिर आया कहां से। यानी फंड के स्रोत की जांच अब केवल कथित "हाई-रिस्क" मामलों तक सीमित नहीं रहेगी।
ऐसे में कनाडा में पढ़ाई के लिए आवेदन करने वाले भारतीय छात्रों को अपनी आर्थिक स्थिति और फंड के स्रोत से जुड़े दस्तावेज स्पष्ट और सही तरीके से तैयार रखने की सलाह दी जाती है।