बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर रोष, डिप्टी मेयर मलकीत सुभाना ने कहा—दोषियों को जल्द मिलेगी सख्त सजा
लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ बीते दिन शरारती तत्वों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दलित समाज में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
मामले को लेकर डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ हुई इस घटना से दलित भाईचारा बेहद आहत और गुस्से में है। उन्होंने कहा कि इस मामले में हाईकमान की ओर से कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
डिप्टी मेयर के मुताबिक, पुलिस ने घटना के संबंध में बीते दिन ही एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मलकीत सुभाना ने कहा कि कुछ शरारती तत्व पंजाब की अमन-शांति और भाईचारे को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।
वहीं, दलित समुदाय की ओर से दी गई जालंधर बंद की कॉल को लेकर डिप्टी मेयर ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को सस्पेंड करने की मांग पर उन्होंने कहा कि वह खुद दलित समाज से आते हैं और इस घटना से उनका मन भी बेहद आहत हुआ है।
उन्होंने दोहराया कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।