पंजाब में सुबह सुबह बदला मौसम का मिजाज, हो सकती है मूसलाधार बारिश, 7 जिलों में अलर्ट
पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बरसात
पश्चिमी विक्षोभ का असर, UP और हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय
वहीं, उमस के कारण राज्य में बिजली की मांग 14,603 मेगावाट तक पहुंच गई
पंजाब में 4,683 मेगावाट का उत्पादन व 9,921 मेगावाट केंद्रीय ग्रिड से हासिल
चंडीगढ़
पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार सुबह लुधियाना और जालंधर समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब के 7 जिलों पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में गर्जना के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार उत्तर भारत से होकर मानसून ट्रफ गुजर रही है। जिसके कारण पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। यूपी और हरियाणा के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इन तीनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से नमी बढ़ गई है।
बिजली की मांग में उछाल
अगले 24 घंटों के दौरान चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। उमस के कारण राज्य में बिजली की मांग 14,603 मेगावाट तक पहुंच गई। इसमें से पंजाब ने स्वयं 4,683 मेगावाट उत्पादन किया, जबकि 9,921 मेगावाट बिजली केंद्रीय ग्रिड से हासिल की गई।