जालंधर निगम हाउस की बैठक में भारी हंगामा, कई अहम प्रस्ताव पास; सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट पर लगी रोक
जालंधर के रेडक्रॉस भवन में नगर निगम हाउस की बैठक के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। हंगामे के बीच मेयर विनीत धीर और नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि की अगुवाई में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। हालांकि, बैठक के दौरान कुछ पार्षदों ने वॉकआउट भी किया।
नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि ने बताया कि जनरल हाउस की बैठक में मता नंबर 163 से 210 तक के प्रस्तावों पर चर्चा हुई और उन्हें बहुमत से पास किया गया। इनमें मता नंबर 183 भी शामिल है।
सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट फिलहाल रोका गया
बैठक में सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट को फिलहाल ड्रॉप कर दिया गया। कमिश्नर संदीप ऋषि ने बताया कि कर्मचारी यूनियन की ओर से कुछ आशंकाएं जताई गई थीं। इसी वजह से प्रस्ताव को अभी रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि यूनियन के साथ बैठक कर उनकी सहमति लेने के बाद ही इस प्रस्ताव को दोबारा हाउस में लाया जाएगा।
वहीं, टेबल आइटम से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। पार्षदों की ओर से उठाई गई समस्याओं पर मेयर विनीत धीर ने जवाब दिया। बैठक के दौरान हंगामे के बाद कुछ पार्षदों ने वॉकआउट किया, लेकिन बहुमत वाले पार्षदों की सहमति से कई प्रस्ताव पास किए गए।
50 चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम
बैठक के एजेंडे में शहर के 50 चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लगाने का प्रस्ताव भी शामिल था। इस प्रोजेक्ट के लिए पहले 9.98 करोड़ रुपये का अनुमान तैयार किया गया था, जिसे तकनीकी जांच के बाद घटाकर 9.51 करोड़ रुपये मंजूर किया गया।
इसके अलावा बस्ती पीर दाद क्षेत्र में 20 एमएलडी क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 45 एमएलडी क्षमता का मेन पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
संयुक्त कमिश्नरों के पद बढ़ाने का प्रस्ताव
नगर निगम जालंधर में संयुक्त कमिश्नर के पदों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने का प्रस्ताव भी बैठक में शामिल रहा।
अमृत 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित एक प्रोजेक्ट की लागत 32.79 करोड़ रुपये है, जबकि पांच साल के संचालन और रखरखाव पर करीब 2.35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस योजना के तहत करीब 70 मीटर ग्रेविटी सीवर, 280 मीटर पंपिंग मेन और काला संघियां ड्रेन की ट्रेंचलेस क्रॉसिंग का काम किया जाएगा। इसकी पूंजीगत लागत में केंद्र सरकार 33 प्रतिशत और पंजाब सरकार 67 प्रतिशत हिस्सा देगी।
लेदर कॉम्प्लेक्स में बनेगा 20 एमएलडी STP
लेदर कॉम्प्लेक्स में 20 एमएलडी क्षमता का एसटीपी बनाने के लिए पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड से 9802.16 वर्ग गज जमीन लेने का प्रस्ताव है। जमीन 99 साल की लीज पर लेने का प्रावधान है, जिसे आगे 99 साल के लिए रिन्यू किया जा सकेगा।
जमीन की दर 12 हजार रुपये प्रति वर्ग गज तय की गई है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 11.76 करोड़ रुपये है। निगम को शुरुआती 15 प्रतिशत डाउन पेमेंट के तौर पर 2,00,22,998 रुपये जमा करने होंगे। इससे पहले 1,17,36,000 रुपये अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट और कैंसर सेस के रूप में जमा किए जा चुके हैं।
85 वार्डों के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का संशोधित प्रस्ताव
शहर के सभी 85 वार्डों में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के लिए 607.11 करोड़ रुपये का संशोधित प्रस्ताव हाउस में रखा गया है। यह काम आठ साल की अवधि में दो हिस्सों में किया जाना प्रस्तावित है।
पहले हिस्से में कैंट और वेस्ट विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे, जिसकी अनुमानित लागत 364.27 करोड़ रुपये है। दूसरे हिस्से में सेंट्रल और नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र होंगे, जिस पर करीब 242.84 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नॉर्थ हलके में सीवर और पेयजल के 22 काम
नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल से जुड़े 22 कार्यों का प्रस्ताव भी रखा गया है। इनकी कुल लागत करीब 3.18 करोड़ रुपये है। स्टार पैराडाइज कॉलोनी, गुरु नानक एवेन्यू, वीनस वैली एक्सटेंशन, न्यू अमृत विहार, नवज्योति कॉलोनी, न्यू नागरा कॉलोनी और रेडिसन एन्क्लेव में नई सीवर लाइनें और मैनहोल बनाए जाएंगे।
इसके अलावा गदईपुर पुली, गांधी कैंप और कमल पैलेस के पास क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत का भी प्रावधान रखा गया है।
नगर निगम ने शहर की मुख्य और ब्रांच सीवर लाइनों की सुपर सक्शन मशीनों से सफाई के लिए करीब 25.72 करोड़ रुपये का अनुमान भी तैयार किया है।
कुल मिलाकर निगम हाउस की बैठक हंगामेदार रही, लेकिन इसी दौरान शहर के ट्रैफिक, सीवरेज, पानी और कचरा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसला लिया गया।