काहनपुर के सरपंच पर महिला ने लगाया दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
जालंधर के थाना मकसूदां पुलिस ने काहनपुर गांव के सरपंच कमलजीत सिंह के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि जून 2024 में आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, होश में आने के बाद आरोपी ने वीडियो दिखाकर उसे धमकाया और कहा कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा और उसकी इच्छा के खिलाफ कई बार अपने पास बुलाकर संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।
महिला के अनुसार, जून 2024 में उसका बच्चा भूख के कारण रो रहा था और वह दूध लेने के लिए कमलजीत सिंह की डेयरी पर गई थी। आरोप है कि आरोपी ने उसे डेयरी के एक कमरे में बैठने के लिए कहा और कुछ देर बाद कोल्ड ड्रिंक दी। इसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई।
महिला ने बताया कि बदनामी और धमकियों के डर से उसने लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बताया। अप्रैल 2026 में आरोपी के मोबाइल से मिस्ड कॉल आने के बाद उसके पति को शक हुआ। कॉल हिस्ट्री देखने के बाद परिवार ने महिला से पूछताछ की, जिसके बाद उसने पति और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
वहीं, आरोपी कमलजीत सिंह ने महिला के सभी आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि महिला कभी उसके पास नहीं आई और न ही उसकी ऐसी कोई डेयरी है, जहां घटना होने की बात कही गई है। आरोपी ने जांच अधिकारियों के सामने शिकायत को गलत बताया है।
पुलिस ने महिला के बयान के साथ आरोपी के पक्ष में सामने आए लोगों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद कानूनी राय ली गई। डीए लीगल की राय के बाद सुप्रीम कोर्ट के ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार मामले का हवाला देते हुए एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
जांच अधिकारी एएसआई रजिंदर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत में लगाए गए आरोप गंभीर हैं और उनकी जांच जरूरी थी। कानूनी राय मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 64 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।