जालंधर बंद का दिखा बड़ा असर, रैनक बाजार समेत कई बाज़ारों की दुकानों पर लगा ताला!
जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर दिया धरना
दुकानदारों से बंद में पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई
वहीं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ कुछ बैंक भी बंद रहे
आम लोगों की परेशानी को देखते हाईवे जाम नहीं किया
मेडिकल स्टोर, अस्पताल और कईं सेवाओं को बंद से छूट
जालंधर
दलित समाज की ओर से लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के विरोध में जालंधर बंद का आह्वान किया गया। बंद के तहत मुख्य धरना जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं के सदस्य शहर के बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील की। भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बताया कि जालंधर बंद शाम 5 बजे तक रखा गया। कई इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ कुछ बैंक भी बंद रहे, जबकि कुछ बैंक खुले रहे।
हाईवे जाम नहीं, इमरजेंसी सेवाओं में छूट
बंद के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रदर्शनकारियों की ओर से हाईवे जाम नहीं किया गया। मेडिकल स्टोर, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं को बंद से छूट दी गई है। वहीं बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल और कॉलेज भी खुले रखने का फैसला किया गया है।
रैनक बाजार समेत कई बाजारों का समर्थन
जालंधर के प्रमुख और व्यस्त रैनक बाजार के व्यापारियों की ओर से पहले ही बंद को समर्थन दिया जा चुका था। इसके बाद शहर के अन्य बाजारों के दुकानदारों ने भी दुकानें बंद रखकर बंद का समर्थन किया। बंद का उद्देश्य डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के खिलाफ विरोध दर्ज करवाना है।