जालंधर नगर निगम दफ्तर में रिटायर्ड कर्मचारियों का प्रदर्शन, बकाया राशि न मिलने पर दी धरने की चेतावनी
जालंधर नगर निगम दफ्तर में रिटायर्ड म्युनिसिपल एम्प्लॉई एसोसिएशन की ओर से प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पंजाब भर में सरकार द्वारा बढ़ाए गए पे-स्केल के अनुसार कर्मचारियों को बकाया राशि का भुगतान किया जा रहा है, लेकिन जालंधर नगर निगम में उनकी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा।
रिटायर्ड कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी बकाया राशि को लेकर पिछले करीब 6 महीनों से निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें भुगतान नहीं मिला। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन ठेकेदारों के बिलों का भुगतान आसानी से कर रहा है, जबकि रिटायर्ड कर्मचारियों की बकाया राशि देने के मामले में टाल-मटोल की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बकाया राशि के भुगतान को लेकर अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में उनकी बकाया राशि जारी नहीं की गई, तो वे नगर निगम कमिश्नर के दफ्तर के बाहर पक्का धरना शुरू करेंगे।
रिटायर्ड कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी बकाया राशि जारी करने की मांग की है।