Questions raised about police action

किशनपुरा के St. George’s Convent School में चोरी, LED और AC कंप्रैशर लेकर फरार हुए चोर

Written by:

Yug Nayyar

Last Updated: August 29 2026 02:18:58 PM

किशनपुरा स्थित St. George’s Convent School को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। चोर स्कूल से LED और AC का कंप्रैशर चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

किशनपुरा के st george’s convent school में चोरी led और ac कंप्रैशर लेकर फरार हुए चोर

किशनपुरा के St. George’s Convent School में चोरी, LED और AC कंप्रैशर लेकर फरार हुए चोर

जालंधर: किशनपुरा स्थित St. George’s Convent School को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। चोर स्कूल से LED और AC का कंप्रैशर चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक चोर छत पर तारें काटता हुआ दिखाई दे रहा है और उसका चेहरा भी कैमरे में साफ नजर आ रहा है।

घटना की सूचना स्कूल प्रिंसिपल की ओर से सूर्या एन्क्लेव थाने की पुलिस को दी गई। वहीं, स्कूल टीचर जसविंदर ने बताया कि पिछले करीब दो महीनों में स्कूल में यह तीसरी चोरी की घटना है।

टीचर के अनुसार, जून महीने में पहली बार स्कूल में चोरी हुई थी। उस दौरान चोर LED और तारें लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद जुलाई में दूसरी चोरी हुई, जिसमें स्कूल से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया गया। अब तीसरी बार चोर स्कूल में घुसे और LED तथा AC का कंप्रैशर लेकर फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

टीचर जसविंदर ने आरोप लगाया कि तीनों चोरी की घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन 11 बजे तक कोई भी पुलिस अधिकारी स्कूल में बयान दर्ज करने नहीं पहुंचा।

टीचर का कहना है कि ASI को सूचना दिए हुए करीब तीन घंटे बीत चुके थे। इसके बाद ASI की ओर से मुंशी का नंबर दिया गया और आगे एक अन्य पुलिसकर्मी का नंबर बताया गया, लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता

टीचर ने कहा कि स्कूल थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्कूल की अपनी सुरक्षा व्यवस्था नहीं है और लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, तो बच्चों की सुरक्षा का ध्यान कैसे रखा जाएगा।

टीचर ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि चालान काटने के लिए पुलिस मौजूद रहती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के मामले में स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने प्रशासन से स्कूल में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Related to this topic: