Questions raised regarding the shooting

DAV कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर के गाने की शूटिंग पर विवाद, गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप

Written by:

Yug Nayyar

Last Updated: September 16 2026 01:36:04 PM

DAV कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर के नए गाने की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शूटिंग के दौरान गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।

dav कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर के गाने की शूटिंग पर विवाद गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप

DAV कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर के गाने की शूटिंग पर विवाद, गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप

जालंधर। DAV कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर के नए गाने की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शूटिंग के दौरान गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। शूटिंग से जुड़ी कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद इस मामले में कॉलेज प्रबंधन से कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रोफेसर एमपी सिंह ने इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया सहित DAV कॉलेज की मैनेजमेंट कमेटी को लिखित शिकायत भेजकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से पंजाब में गन कल्चर के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान DAV कॉलेज में इस तरह की शूटिंग होना चिंता का विषय है।

एमपी सिंह के अनुसार, कॉलेज से कई अच्छे गायक और अधिकारी शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। उनका कहना है कि जिस संस्थान में युवा शिक्षा हासिल करते हैं, वहां शूटिंग के दौरान हथियारों के प्रदर्शन या गन कल्चर को बढ़ावा देने वाली सामग्री को लेकर सावधानी बरती जानी चाहिए।

कॉलेज में शूटिंग को लेकर उठाए सवाल

एमपी सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार और पुलिस की ओर से गैंगस्टरवाद तथा हथियारों से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में शिक्षण संस्थान के परिसर में बच्चों के बीच इस तरह की शूटिंग को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक प्रोफेसर से बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि कॉलेज के कुछ कर्मचारियों को पिछले करीब छह महीने से वेतन नहीं मिला है और शूटिंग के लिए कॉलेज को पैसे मिल रहे हैं। एमपी सिंह ने कहा कि यदि शूटिंग के लिए संस्थान को कोई भुगतान किया गया है तो उस राशि का इस्तेमाल कहां और किस तरह हुआ, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

प्रबंधन और प्रशासन से जांच की मांग

एमपी सिंह ने बताया कि उन्होंने DAV की मैनेजमेंट कमेटी को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया को भी शिकायत देकर मामले की जांच करवाने की अपील की है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि शूटिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है या हथियार से गोली चल जाती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। उनका कहना है कि सार्वजनिक और शैक्षणिक संस्थानों में शूटिंग की अनुमति देते समय सुरक्षा व्यवस्था और कंटेंट को लेकर स्पष्ट नियमों का पालन किया जाना चाहिए।

एमपी सिंह ने गायक कलाकारों से भी अपील की कि वे युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश देने वाले गीतों को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शिकायत लिखित रूप में दी जा चुकी है, लेकिन फिलहाल उन्हें किसी कार्रवाई या जवाब की जानकारी नहीं मिली है।

हालांकि, कॉलेज प्रबंधन और संबंधित गायक पक्ष की ओर से इस आरोप पर उनका पक्ष सामने आना बाकी है।

Related to this topic: