पंजाब में 3 दिन भारी बारिश के आसार : चंडीगढ़ में बादल छाए रहेंगे, तापमान सामान्य के करीब; मानसून सीजन में 37% कम बरसात
पंजाब व चंडीगढ़ में कई जगह बारिश से गर्मी व उमस से राहत
हालांकि अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि 0.1 डिग्री की हुई है
दूसरी ओर सबसे अधिक तापमान 36.4°C बठिंडा में हुआ दर्ज
पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश
पंजाब और चंडीगढ़ में कई जगह बारिश होने से लोगों को गर्मी व उमस से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इस संबंधी यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चंडीगढ़ में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि 0.1 डिग्री की हुई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 36.4 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया। राज्य में मानसून सीजन में 37 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई।
आज 20 जिलों में बारिश की संभावना
पंजाब के 20 जिलों में बारिश का अनुमान है। पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश हो सकती है। गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
रात को चंडीगढ़-मोहाली में हुई बारिश
मंगलवार को चंडीगढ़ में रात में एक एमएम बारिश हुई है। इसी तरह पंचकूला और मोहाली में भी रात को बारिश हुई। दिन में लुधियाना, पटियाला और चमकौर साहिब में बारिश रिकॉर्ड की गई थी। वहीं, आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम ठंडा बना हुआ है। चंडीगढ़ में भी इसके असर से बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रह सकती है।
अब आगे बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी
मानसून की ट्रफ बठिंडा के ऊपर से गुजर रही है, जिससे पंजाब के मौसम पर इसका असर बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण पंजाब के कुछ हिस्सों, खासकर बठिंडा और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल तक बनी दूसरी ट्रफ भी मानसून को सक्रिय बनाए रखने में मदद कर रही है। हालांकि चंडीगढ़ के लिए सीधे भारी बारिश का संकेत नहीं है।
हालांकि बिजली की मांग में आई कमी
बारिश होने से बिजली की मांग में कमी आई है। गुरुवार सुबह बिजली की मांग 12,789 मेगावाट है। राज्य में 4,793 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। बाहर से करीब 7,997 मेगावाट बिजली ली जा रही है। तय शेड्यूल 7,961 मेगावाट था, यानी करीब 36 मेगावाट ज्यादा बिजली ली जा रही है। बिजली ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 49.89 हर्ट्ज है। हालांकि पिछले चार दिनों में सुबह के समय यह 15 हजार मेगावाट तक पहुंच गई थी।