जालंधर में सुबह सुबह गद्दे की फैक्ट्री में भीषण आग, काले धुएं से इलाके में मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया
आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया, फैक्ट्री का शैड और एक लैंटर भी गिर गया
इसे गोदाम इस्तेमाल करना था, लेकिन यहां अभी भी गद्दे बनाने का काम हो रहा था
95 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी, प्राथमिक वजह शार्ट सर्किट बता रहे
जालंधर
जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में आज सुबह मोदी फार्म की गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और काले धुएं से इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान फैक्ट्री का शैड और एक लैंटर भी गिर गया। घटना में एक व्यक्ति पैर फिसलने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
रिहायशी इलाके में होने के कारण आग का खतरा बढ़ा
आसपास रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में होने के कारण आग का खतरा बढ़ गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कमर्शियल LPG सिलेंडर भी मौजूद थे। वहीं, फैक्ट्री कर्मी का कहना है कि यूनिट को इलाके से बाहर ले जाने की प्रक्रिया चल रही थी और इसे गोदाम के तौर पर इस्तेमाल किया जाना था, लेकिन यहां अभी भी गद्दे बनाने का काम हो रहा था।
करीब 9:15 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी
ADFO मनिंदर सिंह ने बताया कि करीब 9:15 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। 95 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी दी गई है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।