जालंधर में 4 साल के बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण, 10 घंटे बाद बस स्टैंड से बरामद
जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके से 4 वर्षीय बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। पन्नू विहार में दोपहर करीब 2:08 बजे बिना नंबर की सफेद एक्टिवा पर सवार दो युवक गली में खेल रहे 4 वर्षीय केशव को उठाकर फरार हो गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक आरोपी ने चेहरे पर मास्क पहना हुआ है, जबकि दूसरे का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
सीसीटीवी में दोनों युवक बच्चे को एक्टिवा के बीच में बैठाकर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 10 घंटे बाद देर रात लगभग 12:30 बजे बच्चे को बस स्टैंड के पास संदिग्ध हालत में बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को वहां छोड़कर फरार हो गए।
एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि बच्चे को बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों के अनुसार, किडनैपर्स को पकड़ने के लिए पुलिस की 7 विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस फिरौती, व्यक्तिगत रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
बच्चे के पिता आनंद ठाकुर ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और केशव उनका इकलौता बेटा है। उन्होंने बताया कि केशव रोजाना स्कूल जाता है, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण उसकी मां ने उस दिन स्कूल से छुट्टी करवा दी थी। पिता सुबह करीब 9:30 बजे काम के लिए फैक्टरी चले गए थे। दोपहर में मां का फोन आने पर उन्हें पता चला कि उनका बेटा गली से गायब है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।