नेपाल बाढ़ त्रासदी : अब तक 1127 लोगों की मौतें, 4800 से ज्यादा लोग अभी भी लापता
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के एक हफ्ते बाद भी राहत और बचाव अभियान जारी
बाढ़ प्रभावित कई इलाकों में कीचड़ और मलबा जमा होने से आ रही है मुश्किल
राहतकर्मी नदियों और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे
सड़क और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर कई चीनी नागरिक भी बाढ़ के बाद लापता
भारत ने 11 सदस्य रेस्क्यू टीम, बचाव उपकरण व 5.5 टन जरूरी दवाइयां भेजी
इससे पहले भारत चार उड़ानों के जरिए करीब 68.5 टन राहत सामग्री भेज चुका
यूपी के कुशीनगर में गंडक नदी से मिले नेपाल के 5 लोगाें के शव पुलिस को साैंपे
नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के एक हफ्ते बाद भी राहत और बचाव अभियान जारी है। अब तक 1127 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4800 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। इनमें करीब 500 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। बाढ़ प्रभावित कई इलाकों में कीचड़ और मलबा जमा होने के कारण रेस्क्यू टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। राहतकर्मी नदियों और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। अभिनेता सोनू सूद भी काठमांडू पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों और बच्चों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरित की।
चीनी नागरिक भी लापता, DNA जांच से होगी शवों की पहचान
नेपाल में सड़क और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर काम कर रहे कई चीनी नागरिक भी बाढ़ के बाद से लापता हैं। चीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार, करीब 100 चीनी नागरिकों का अब तक पता नहीं चल पाया है। वहीं कई अज्ञात शवों की हालत खराब होने के कारण उनकी पहचान मुश्किल हो गई है। शवों को जलाने की बजाय दफनाया जा रहा है, ताकि उनके अवशेष सुरक्षित रहें और DNA जांच के जरिए परिजनों की पहचान की जा सके।
भारत ने भेजी पांचवीं राहत उड़ान, यूपी में मिले नेपाल के 5 शव
भारत ने नेपाल के लिए पांचवीं राहत उड़ान भेजी है। इसमें 11 सदस्यीय रेस्क्यू टीम, बचाव उपकरण और 5.5 टन जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं। इससे पहले भारत चार उड़ानों के जरिए करीब 68.5 टन राहत सामग्री भेज चुका है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में गंडक नदी से मिले नेपाल के 5 नागरिकों के शव मंगलवार को सोनौली सीमा पर नेपाल पुलिस को सौंपे गए। इनमें 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।