पंजाब में AAP को बड़ा झटका, फाजिल्का में जिला अध्यक्ष समेत 11 नेताओं ने दिया सामूहिक इस्तीफा
फाजिल्का: पंजाब विधानसभा चुनाव 2026 में अब कुछ ही महीने बाकी हैं और सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी को फाजिल्का में बड़ा झटका लगा है। जानकारी के मुताबिक, जिला अध्यक्ष समेत 11 बड़े नेताओं ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
जिला अध्यक्ष पर लगाए कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोप
बताया जा रहा है कि इस्तीफा देने वाले नेताओं ने आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष और जिला प्लानिंग बोर्ड के चेयरमैन उपकार सिंह जाखड़ पर कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं की अनदेखी करने के आरोप लगाए हैं। नेताओं का कहना है कि लगातार अनदेखी के चलते उन्होंने अपने पदों से इस्तीफा देने का फैसला किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ इस्तीफे का पत्र
सामूहिक इस्तीफों से जुड़ा एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पत्र की पुष्टि के लिए जब PTC न्यूज ने जिला इंचार्ज किसान विंग नरिपजीत सिंह चहल से बात की, तो उन्होंने बताया कि यह पत्र पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भेजा गया था। हालांकि, यह पत्र सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
पार्टी के लिए काम करते रहने की बात
नरिपजीत सिंह चहल के मुताबिक, जिला अध्यक्ष की ओर से नेताओं की अनदेखी किए जाने से नाराज होकर उन्होंने और अन्य नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके संपर्क में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, ब्लॉक स्तर के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी हैं।
हालांकि, इस्तीफा देने वाले नेताओं ने साफ किया कि वे अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं, लेकिन पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
फाजिल्का में एक साथ 11 नेताओं के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के अंदरूनी संगठन और नेतृत्व को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि पार्टी हाईकमान इस मामले में क्या कदम उठाता है।