जालंधर में IAS कंवलप्रीत बराड़ से फिर ED की पूछताछ, 18 अगस्त को हुई थी साढ़े 8 घंटे की पूछताछ
10 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया
18 अगस्त को IAS कंवलप्रीत बराड़ से साढ़े 8 घंटे तक की गई थी पूछताछ
सुबह करीब 10 बजे ED कार्यालय पहुंची, बिना बातचीत सीधे अंदर चली गईं
मोहाली के प्रोजेक्ट से जुड़ी अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग में की पूछताछ
चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) की मंजूरी में कथित अनियमितताओं की भी जांच
जालंधर
जालंधर में पंजाब कैडर की IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ ED के दफ्तर पहुंचीं। दफ्तर पहुंचने के बाद उन्होंने रजिस्टर में अपनी पेशी को लेकर हस्ताक्षर किए। 10 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले ED ने उन्हें 18 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था, जहां उनसे करीब साढ़े 8 घंटे तक पूछताछ हुई थी। वह सुबह करीब 10 बजे ED कार्यालय पहुंची और बिना किसी से बातचीत किए सीधे अंदर चली गईं। बता दें कि बराड़ से मोहाली के प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पूछताछ की जा रही है।
CLU की मंजूरी को लेकर भी हो रही जांच
मिली जानकारी के मुताबिक, मामला मोहाली स्थित प्रोजेक्ट से जुड़ा है। ED की जांच में प्रोजेक्ट के लिए जमीन के लैंड यूज में बदलाव यानी चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) की मंजूरी में कथित अनियमितताओं की भी जांच की जा रही है। इसी कड़ी में संबंधित अधिकारियों और प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस मामले में सामने आए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
2020 में जमीन मालिक ने की थी शिकायत
मामले की शुरुआत मोहाली के पल्हेरी गांव के जमीन मालिक करमजीत सिंह की 2020 में पुलिस को दी गई शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सनटेक सिटी के प्रमोटरों ने उनकी 53 कनाल जमीन समेत 14 अन्य किसानों की कुल करीब 30.5 एकड़ जमीन के कथित फर्जी सहमति पत्र तैयार किए। शिकायत में इन दस्तावेजों पर किसानों के जाली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए जाने का आरोप लगाया गया था।
जांच रिपोर्ट के बाद 2022 में दर्ज हुई FIR
मामले की जांच तत्कालीन मोहाली SP (इन्वेस्टिगेशन) हरमनदीप हंस ने की थी। जांच रिपोर्ट में कथित जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोप सामने आने की बात कही गई। इसके बाद नवंबर 2022 में मुल्लांपुर थाने में FIR दर्ज की गई। यही FIR आगे ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच का आधार बनी। पुलिस केस के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोहाली-चंडीगढ़ में 12 ठिकानों पर रेड
ED ने मोहाली और चंडीगढ़ में 12 ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। एजेंसी ने सनटेक सिटी के प्रमोटर अजय सहगल के अलावा ABS टाउनशिप और Eltus Space Builders से जुड़े अधिकारियों और निदेशकों से पूछताछ की। अब IAS बराड़ से दूसरी बार हुई पूछताछ को इसी जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। ED की पूछताछ में किन बिंदुओं पर जानकारी ली गई और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।