पंजाब में 1,746 पुलिस जवानों को नियुक्ति पत्र देंगे सीएम भगवंत मान, करतारपुर में लोक मिलनी को लेकर सुरक्षा कड़ी
जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज पीएपी में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दौरान पंजाब पुलिस में नवनियुक्त 1,746 पुलिस जवानों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘मिशन रोजगार’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में अब तक पंजाब पुलिस में 13,092 युवाओं की भर्ती की जा चुकी है, जबकि 3,298 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा जिला कैडर में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई के 1,600 नए पद मंजूर किए गए हैं।
सरकार का दावा है कि अब तक राज्य के 70,840 युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री के करतारपुर दौरे के दौरान गांव काहलवां में होने वाली लोक मिलनी को लेकर जालंधर ग्रामीण पुलिस और सिविल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर ली है। वीवीआईपी दौरे से पहले डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया, एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने वीवीआईपी सुरक्षा, रूट, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, पार्किंग, पुलिस तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन और आपातकालीन व्यवस्था की समीक्षा की। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा निर्धारित सुरक्षा योजना का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।