पंजाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला! अंडे और पत्थर फेंके
बिट्टू ने एक घर में शरण ली, जिसके बाहर भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे
जान-माल को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी
बिट्टू अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद पठानकोट जा रहे थे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से फोन पर बातचीत
बटाला
पंजाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर शुक्रवार सुबह अचानक हमला हो गया। जानकारी के मुताबिक बटाला के नजदीक स्थित घसीटपुर में कुछ अज्ञात लोगों ने उनके काफिले को निशाना बनाते हुए अंडे और पत्थर फेंके। हालांकि इस पूरी घटना के दौरान रवनीत बिट्टू पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। घटना के बाद रवनीत बिट्टू ने एक घर में शरण ली, जिसके बाहर भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। बिट्टू ने कहा कि वह ऐसे हमलों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी जान-माल को कोई भी नुकसान पहुंचता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की होगी।
दरबार साहिब से पठानकोट जाते समय हुई घटना
बताया जा रहा है कि यह वारदात उस समय हुई जब रवनीत बिट्टू अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद पठानकोट की ओर जा रहे थे। रास्ते में बटाला के पास उनके काफिले पर असामाजिक तत्वों ने अंडे और पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। घटना के तुरंत बाद बिट्टू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
आप पार्टी पर लगाया आरोप, गृहमंत्री से की बात
रवनीत बिट्टू ने इस हमले के पीछे सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि हमले में शामिल दो लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया है, जिन्हें पुलिस को सौंपा जाएगा। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बिट्टू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से फोन पर सीधी बातचीत कर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।