पूर्व केबिनेट मंत्री चुन्नी लाल भगत के निधन पर मनीष सिसोदिया ने भगत परिवार से जताई संवेदना
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के निवास जेपी नगर पहुंचे सिसोदिया
स्व. भगत चुनी लाल को श्रद्धांजलि, परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं
कठिन एवं दुखद समय में उन्हें हिम्मत व धैर्य बनाए रखने का संदेश
भगत चुनी लाल का निधन राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति
जालंधर
पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुनी लाल जी के निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में मनीष सिसोदिया बुधवार को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के निवास जेपी नगर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत भगत चुनी लाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हिम्मत और धैर्य बनाए रखने का दिया संदेश
मनीष सिसोदिया ने भगत परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और इस कठिन एवं दुखद समय में उन्हें हिम्मत और धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने दिवंगत भगत चुनी लाल जी की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परमात्मा से शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने लंबे जीवन के दौरान आम लोगों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया और समाज में अपनी अलग पहचान बनाई।
सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में योगदान
इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि भगत चुनी लाल जी का सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भगत चुनी लाल जी का निधन केवल भगत परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को लंबे समय तक याद किया जाएगा।