कपूरथला में IDBI बैंक में लगी भीषण आग, लाखों रुपए का हुआ नुकसान
सुबह 6 बजे धुआं उठते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया
फायर टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया
आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग को बुझाया
शुरूआती जांच में आग का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट नजर आ रहा है
इस अग्निकांड में बैंक को लाखों रुपये के भारी नुकसान की आशंका है
कपूरथला
कपूरथला के व्यस्त इलाके रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक बैंक की इमारत से काला धुआं निकलने लगा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 6 बजे बैंक से धुआं उठते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा दिया, जिससे आग आसपास दुकानों या इमारतों तक नहीं फैल सकी।
लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान
सूचना मिलते ही फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। शुरूआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट नजर आ रहा है, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। प्राथमिक आकलन के आधार पर इस अग्निकांड में बैंक को लाखों रुपये के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
6 बजे बैंक में आग लगने की सूचना मिली
IDBI बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे बैंक में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही फायर ब्रिगेड की टीम राहत कार्य में जुटी हुई थी। मैनेजर के अनुसार, आग लगने के कारण बैंक के भीतर रखे कई अति महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके हैं।