पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, करोड़ों की हेरोइन समेत हथियार बरामद
कानून की रक्षा करने वाले अधिकारी के अवैध धंधे में शामिल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप
आरोपी बलदेव सिंह के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है
पुलिस को आरोपी इंस्पेक्टर के पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार मिले हैं
3 किलो 350 ग्राम हेरोइन, 6 अत्याधुनिक पिस्टल, 4 मैगजीन और 17 जिंदा कारतूस भी जब्त
मौके से आरोपी की आई-20 (i20) कार और उसके द्वारा इस्तेमाल 6 मोबाइल फोन भी जब्त
फिरोजपुर
पंजाब के फिरोजपुर में खाकी को शर्मसार कर देने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात एक इंस्पेक्टर को नशा तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। कानून की रक्षा करने वाले अधिकारी के खुद इस अवैध धंधे में शामिल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी बलदेव सिंह के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपी इंस्पेक्टर के पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार मिले हैं। फिरोजपुर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
3.3 किलो हेरोइन, 6 पिस्टल और कारतूस का जखीरा बरामद
चेकिंग के दौरान उसके कब्जे से 3 किलो 350 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसके अलावा 6 अत्याधुनिक पिस्टल, 4 मैगजीन और 17 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मौके से आरोपी की आई-20 (i20) कार और उसके द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे 6 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और घातक हथियारों का मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि आरोपी किसी बड़े नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका, बड़े खुलासे होने की उम्मीद
एसएसपी (SSP) ने पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बताया कि आरोपी के पाकिस्तान स्थित नशा तस्करों से कनेक्शन होने का मजबूत शक है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार कहां से लाया था और इनकी डिलीवरी कहां की जानी थी। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह पुलिस विभाग में रहते हुए कब से इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।