तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए, उन्हें तत्काल हटाकर तकनीकी जांच को भेजा
दो विमानों को मरम्मत के बाद जल्द सेवा में शामिल किए जाने की संभावना
खराब मौसम से एयरपोर्ट संचालन भी प्रभावित, कई उड़ानों में देरी : DIAL
ATC द्वारा विशेष मौसम चेतावनी की जानकारी एयरलाइंस को नहीं दी थी
नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल सेवा से हटा कर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया। फिलहाल एयर इंडिया ने बयान जारी नहीं किया है। क्षतिग्रस्त विमानों की जांच जारी है और इनमें से दो विमानों को मरम्मत के बाद जल्द दोबारा सेवा में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:40 बजे तेज हवाओं और बारिश के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट अपनी निर्धारित जगह से खिसक गया और एयर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमानों से टकरा गया। इस टक्कर में विमानों को नुकसान पहुंचा। DIAL के अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण एयरपोर्ट संचालन भी प्रभावित हुआ। कई उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ सेवाओं के संचालन में भी बाधा आई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
समय रहते अंदाजा नहीं लगाया जा सका
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौसम अचानक बिगड़ने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से किसी विशेष मौसम चेतावनी की जानकारी एयरपोर्ट ऑपरेटर या एयरलाइंस को नहीं दी गई थी। ऐसे में मौसम की गंभीरता का समय रहते अंदाजा नहीं लगाया जा सका। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह देखा जाएगा कि सुरक्षा प्रबंधन और मौसम संबंधी तैयारियों में कहीं कोई कमी तो नहीं रही, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।