Suspicion on neighbors due to old dispute

महेंद्रू मोहल्ला में जादू-टोना के आरोप को लेकर हंगामा, छत पर मिली गुड़िया और नींबू

Written by:

Yug Nayyar

Last Updated: September 24 2026 12:11:54 PM

महेंद्रू मोहल्ला में जादू-टोना किए जाने के आरोप को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर घर की छत पर संदिग्ध सामान फेंकने के आरोप लगाए।

महेंद्रू मोहल्ला में जादू-टोना के आरोप को लेकर हंगामा छत पर मिली गुड़िया और नींबू

महेंद्रू मोहल्ला में जादू-टोना के आरोप को लेकर हंगामा, छत पर मिली गुड़िया और नींबू

महेंद्रू मोहल्ला में जादू-टोना किए जाने के आरोप को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर घर की छत पर संदिग्ध सामान फेंकने के आरोप लगाए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

महिला सरिता टंडन ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में किराये पर रहने वाले परिवार की ओर से कथित तौर पर उनके घर की छत पर मंगलवार को एक नींबू फेंका गया था। महिला के मुताबिक, नींबू पर सिंदूर और पिन लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने नींबू उठाकर पड़ोसियों को दिखाया और बाद में उसे बाहर फेंक दिया।

सरिता टंडन का कहना है कि बुधवार को जब वह छत पर पौधों को पानी देने पहुंचीं तो उन्हें वहां काले रंग की एक गुड़िया मिली। महिला के अनुसार, गुड़िया की एक बाजू मुड़ी हुई थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

पुराने विवाद के चलते पड़ोसियों पर शक

महिला ने बताया कि कुछ समय पहले पड़ोसियों के साथ उनका विवाद हुआ था, जिसके चलते उन्हें इस घटना में पड़ोसियों पर शक है। उन्होंने पड़ोसी महिला की पहचान कमला रानी के रूप में बताई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं और यहां किराये के मकान में रहती हैं।

सरिता टंडन ने यह भी आरोप लगाया कि करीब दो महीने पहले उनकी बेटी ने सोना साफ करवाने के लिए पड़ोसियों को दिया था। महिला का दावा है कि इस मामले में भी सोने को लेकर विवाद हुआ था और उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दी थी।

महिला के मुताबिक, उनकी बेटी को डलहौजी जाना था और इसी सिलसिले में सोना साफ करवाने के लिए दिया गया था। उन्होंने बताया कि उनके पास लुधियाना के अनमोल ज्वैलर्स की पर्ची भी मौजूद है, जहां से सोने का कड़ा खरीदा गया था। महिला का आरोप है कि इस मामले में करीब डेढ़ से दो ग्राम सोने का अंतर सामने आया था।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

बुधवार को महिला ने एक बार फिर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और पड़ोसी परिवार को फोन करके मौके पर बुलाने की कोशिश की, ताकि मामले को सुलझाया जा सके। हालांकि, पड़ोसी मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस को दोबारा सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जादू-टोना किए जाने के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।

Related to this topic: